रोहतक में रन फॉर यूनिटी में पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा अराजकता नहीं, राष्ट्र को जोड़ती है। देशभक्ति की भावना, राष्ट्र के समर्पण की भावना बीजेपी के एक-एक कार्यकर्ता में है। कांग्रेस झूठ बोलकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने, उनमें अविश्वास पैदा करने का काम कर रही है। अब विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश हो रहा है। मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जब कांग्रेस की 10 में से 5 सीटें आई, तब तो EVM ठीक थी। उसी वोटर लिस्ट पर जब विधानसभा चुनाव हुआ और BJP जीत गई तो वोट चोरी हो गई। भारतीय जनता पार्टी का मूलमंत्र लोगों का विश्वास है। लोगों के विश्वास से तीसरी बार केंद्र में सरकार बनी, तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनी। विपक्ष देश में फैला रहा अराजकता
मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि विपक्ष देश में अराजकता फैला रहा है। कोई अराजकता फैलाएगा, देश को गुमराह करने की कोशिश करेगा, तो सरकार का फर्ज है उसका जवाब देना। विपक्ष को गुमराह कर रहा हैं, संवैधानिक संस्थाओं में विश्वास खत्म कर रहे हैं, अविश्वास पैदा कर रहे हैं। तो उसमें अपनी बातें तो रखी जाएंगी। भाजपा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही
मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा कोई घबराई नहीं हुई है। BJP बिल्कुल विश्वास के साथ, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। 2047 के विकसित भारत के संकल्प के साथ BJP दिन-रात मेहनत करके आगे बढ़ रही है। विपक्ष का जो एजेंडा है, झूठ बोलकर अविश्वास पैदा करना, उसके लिए सरकार ने कदम उठाया है। देश की एकता के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार
मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि आज पूरा राष्ट्र, पूरा देश सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रहा है। स्कूल के बच्चे, कॉलेज स्टूडेंट्स, नौजवान, स्पोर्ट्समैन, बुजुर्ग, पार्टी के सभी कार्यकर्ता और प्रशासन सभी ने हिस्सा लिया। देश की एकता बनाए रखने के लिए हम कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं।

