हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक प्रदेश के मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट आएगी। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान पहले ही सामान्य से नीचे चल रहा है। सोलन में सामान्य के मुकाबले सबसे ज्यादा 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। कल्पा का पारा भी सामान्य से 3.2 डिग्री गिरकर 14 डिग्री रह गया है। शिमला में अधिकतम तापमान एक डिग्री की गिरावट के बाद 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री और ताबो में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे ऊंचे क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है। अक्टूबर में सामान्य से 20% ज्यादा बारिश प्रदेश में अक्टूबर महीने के दौरान अब तक सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। किन्नौर और सिरमौर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य से अधिक बादल बरसे हैं। कांगड़ा में सामान्य से सबसे ज्यादा 115 फीसदी अधिक बारिश हुई है। बिलासपुर में 62 फीसदी, सोलन में 43 फीसदी, हमीरपुर में 41 फीसदी और ऊना में 29 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। चंबा में सामान्य से 7 फीसदी, कुल्लू में 2 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 13 फीसदी और शिमला में 6 फीसदी अधिक बारिश हुई है। मंडी में बारिश सामान्य रही। वहीं, किन्नौर में सामान्य से 46 फीसदी और सिरमौर में 38 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। 3 नवंबर से साफ होगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार 3 नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ होने की संभावना है। इसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और सर्दी से राहत मिलेगी।

