हमीरपुर जिले में बादलों की आवाजाही और रिमझिम बारिश के बीच शुक्रवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जिले के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर 10,272 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 6,783 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,489 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रशासन की ओर से मौसम को देखते हुए सभी केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गलत सेंटर पहुंचा कानपुर का छात्र, बोला- ‘आपको नाम की पड़ी है, परीक्षा पर संकट है’ दूसरी पाली की परीक्षा से ठीक पहले दोपहर 2:20 बजे एक अनोखा वाकया देखने को मिला। कानपुर से आया एक अभ्यर्थी गलती से जीजीआईसी (GGIC) केंद्र पहुंच गया। गेट पर चेकिंग के दौरान उसे पता चला कि उसका असली केंद्र झलोखर में है। समय कम होने पर वह बदहवास होकर सड़क पर दौड़ पड़ा और ऑटो पकड़कर झलोखर के लिए रवाना हुआ। जब उससे नाम पूछा गया, तो उसने हड़बड़ी में कहा, “आपको नाम की पड़ी है, इधर हमारी परीक्षा पर संकट है।” गले से उतरी सेफ्टीपिन और रुद्राक्ष की माला पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर बांदा से आई एक छात्रा को चेकिंग के दौरान गले में पहने लाल धागे, सेफ्टीपिन और रुद्राक्ष की माला को बाहर उतारकर रखने को कहा गया। आसपास कोई परिजन न दिखने पर छात्रा ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को ही अपना सामान सौंप दिया और परीक्षा देने अंदर चली गई। पूछने पर छात्रा ने अपना नाम उजागर नहीं किया। दूसरी पाली में पहली पाली से ज्यादा गैरहाजिर रहे अभ्यर्थी आंकड़ों के अनुसार, पहली पाली में पंजीकृत 5,136 अभ्यर्थियों में से 3,442 ने परीक्षा दी और 1,694 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 5,136 में से 3,341 परीक्षार्थी पहुंचे और 1,795 गैरहाजिर रहे। पहली पाली के मुकाबले दूसरी पाली में 101 परीक्षार्थी अधिक अनुपस्थित दर्ज किए गए। प्रशासन का दावा: शांतिपूर्ण रही दोनों पालियों की परीक्षा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी 12 केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गईं। परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया था।

