मैनपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर नंबर एक निवासी 37 वर्षीय रोहित कुमार आनंद की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। वह दयाराम वर्मा के पुत्र थे। 20 अक्टूबर को बीएसएनएल कार्यालय के पास स्कूटी सवार नाबालिग किशोर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी थी। परिजनों के मुताबिक, रोहित प्राइवेट शिक्षक थे। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के आरएस यादव अस्पताल ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें आगरा के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां बीती रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रोहित की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजन आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे।

