एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर बीजेपी और सरकार पर कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार हमलावर हो रहे हैं। कांग्रेस देशभर में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही है। वहीं अब बीजेपी भी सड़कों पर उतरकर एसआईआर के फायदे जनता को बताने जा रही है। राजस्थान में बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत संभाग स्तर पर पदयात्राओं निकाली जाएंगी। इन पदयात्राओं में मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री और पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे। सभी संभाग मुख्यालय और बड़े शहरों में शुक्रवार से बीजेपी नेता पदयात्रा निकालेंगे और जनसभाएं करेंगे। अभियान के तहत बीजेपी नेता दफ्तरों से निकलकर जनता के बीच जाएंगे और उन्हें एसआईआर के फायदें बताकर कांग्रेस के नरेटिव को तोड़ने का प्रयास करेंगे। अभियान को दो चरणों में बांटा बीजेपी ने अभियान को दो चरणों में बांटा है। पहला चरण 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा। इसमें 15 जिलों में कार्यक्रम होंगे। दीपावली के बाद दूसरे चरण में शेष जिलों को कवर किया जाएगा। संभागवार पहले जनसभाएं होंगी। फिर पदयात्राओं के जरिए कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचेंगे। इसके तहत 31 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री ज्योतिराजे सिंधिया अलवर में पदयात्रा निकालेंगे। वहीं 5 नवंबर को अलवर में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव पदयात्रा में शामिल होंगे। जयपुर में होने वाली पदयात्रा में भीड़ जुटाने का जिम्मा शहर बीजेपी को दिया गया है। जयपुर में पहले रामलीला मैदान में जनसभा होगी। इसके बाद सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक पदयात्रा निकाली जाएगी। शहर बीजेपी ने कार्यक्रम में 10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया है। SIR के फायदे बताकर जनता को करेंगे जागरूक कांग्रेस जहां एक तरफ SIR के बहाने बीजेपी पर मतदाता सूची में से पात्र व्यक्तियों के नाम हटाने का आरोप लगा रही है। वहीं वोट चोरी के नाम पर मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा मांग रही हैं। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा- मतदाता सूची, SIR और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर जनता के बीच जागरूकता बढ़ाई जाएगी। पार्टी की कोशिश है कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब सीधे जनता तक पहुंचाए जाए। भाजपा इसे लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता सूची की विश्वसनीयता से जोड़कर पेश करेगी।

