NSUI का हंगामा, आगरा कॉलेज प्राचार्य का फूंका पुतला:पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, प्राचार्य को हटाने की मांग

NSUI का हंगामा, आगरा कॉलेज प्राचार्य का फूंका पुतला:पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, प्राचार्य को हटाने की मांग

आगरा कॉलेज के प्राचार्य के खिलाफ एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित गेट नंबर-2 पर एनएसयूआई ने प्राचार्य का पुतला फूंककर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर कई मिनट तक छीना-झपटी होती रही। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को पद से हटाने और इस्तीफे की मांग की। एनएसयूआई का आरोप है कि आगरा कॉलेज के प्राचार्य पर कई गंभीर आरोप लगे हैं और उन आरोपों की जांच चल रही है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक प्राचार्य पर हथियार तस्करी से जुड़े आरोप, कॉलेज परिसर में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई और कथित फर्जी जाति प्रमाण पत्र का मामला शामिल है। संगठन ने कहा कि इतने प्रतिष्ठित कॉलेज के प्राचार्य पर इस तरह के आरोप लगना दुर्भाग्यपूर्ण है और इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जब तक प्राचार्य पद पर बने रहेंगे, तब तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी होने तक प्राचार्य को पद से हटाया जाए और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। अगर मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। जिलाध्यक्ष सतीश सिकरवार ने कहा कि छात्र हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। कॉलेज परिसर में पेड़ों की कटाई पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है। वहीं जाति प्रमाण पत्र और अन्य आरोपों की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर विरोध जताया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस प्रदर्शन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सतीश सिकरवार, जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सूर्यवंशी, आगरा कॉलेज अध्यक्ष रोहित कर्दम, छात्रनेता अपूर्व शर्मा, आरव पांडे, रोहित बघेल, अंशु ठाकुर, सूरज सूर्यवंशी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *