Meerut Police ने मालकिन को नशीला पदार्थ देकर चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को पकड़ा

Meerut Police ने मालकिन को नशीला पदार्थ देकर चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को पकड़ा

मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में घरेलू सहायिका द्वारा मालकिन को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और कीमती सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, प्राचीन धातु की मुद्राएं, पुराने सिक्के और 3.56 लाख रुपये बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि 26 अक्टूबर को डिफेंस कॉलोनी निवासी आशुतोष भल्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में काम करने वाली महिला ने उनकी मां को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से कीमती सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में गंगानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि संबंधित थाना पुलिस और विशेष अभियान दल (स्वाट) की संयुक्त कार्रवाई में जितेंद्र कुमार, रोशनी ओराओन, मनीष कुमार उर्फ मन्नू और मीनू को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 32 छोटे-बड़े सिक्के, 111 पुराने सिक्के और प्राचीन धातु की आठ मुद्राएं बरामद की हैं। इसके अलावा, 3.56 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद आभूषणों और सिक्कों का अनुमानित मूल्य करीब दो करोड़ रुपये है।

पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर मामले में अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *