बदायूं के शहरी क्षेत्रों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। शाम को महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पूजा-अर्चना की और करवा चौथ की कथा सुनी। रात में चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य दिया। इसके बाद पतियों के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह रहा। उन्होंने मेहंदी लगवाई और पारंपरिक परिधान पहनकर पूजा की। बाजारों में चूड़ी, बिंदी, साड़ी, आभूषण और पूजा सामग्री की दुकानों पर चहल-पहल रही। मिठाई और फल की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

