Cyclone Arnab से Andhra Pradesh में 6 मौतें, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने किया हवाई सर्वेक्षण

Cyclone Arnab से Andhra Pradesh में 6 मौतें, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने किया हवाई सर्वेक्षण

आंध्र प्रदेश के तेनाली मंडल में दीवार गिरने से 11 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और इसके साथ ही अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना बुधवार रात करीब नौ बजे हुई।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्यभर में मौसम लगभग ठीक है और अवरुद्ध सड़कों तथा क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों में से करीब 90 प्रतिशत को बहाल कर दिया गया है। जैन ने कहा कि बहाली का काम बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगा। इस बीच, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवाती तूफान से तबाह हुए कुछ जिलों में बड़े भूभाग और खेतों का हवाई सर्वेक्षण किया।

एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कृष्णा, पश्चिम गोदावरी और डॉ. बी आर आंबेडकर कोनसीमा जिलों का सर्वेक्षण किया। नायडू ने नवनिर्मित राजधानी अमरावती से हेलीकॉप्टर के जरिए कोनसीमा जिले के कट्रेनिकोना मंडल स्थित चेयेरू गांव तक दौरा किया। वहीं, मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार को बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से दक्षिण अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्र में नया कम दबाव का क्षेत्र बना है।

विभाग ने कहा कि इसके गहरे होकर अवदाब में बदलने और नवंबर के पहले सप्ताह में आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बना और पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक उसी क्षेत्र में बना रहा। इस बीच, भारतीय तटरक्षक बल ने बृहस्पतिवार को बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश तट के पास फंसे मार्शल द्वीपसमूह के ध्वज वाले मालवाहक जहाज ‘सिग्मा पर्ल’ के चालक दल के 13 सदस्यों को बचाया।

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण खराब मौसम के बीच जहाज फंस गया था। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. बी आर आंबेडकर कोनसीमा जिले के समुद्र तटीय गांव अंतरवेदी के पास तटरक्षक बल का बचाव अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *