उज्जैन में सीवरेज की शिकायतों पर महापौर नाराज:बोले-बातें सुनने नहीं, काम करवाने के लिए बैठक ली है, आज से स्थिति ठीक होनी चाहिए

उज्जैन में सीवरेज की शिकायतों पर महापौर नाराज:बोले-बातें सुनने नहीं, काम करवाने के लिए बैठक ली है, आज से स्थिति ठीक होनी चाहिए

उज्जैन में सीवरेज की समस्याओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गुरुवार को महापौर मुकेश टटवाल ने नगर निगम और सीवरेज प्रोजेक्ट के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में महापौर अधिकारियों पर नाराज नजर आए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे अधिकारियों की बातें सुनने के लिए नहीं, बल्कि काम करवाने के लिए बैठक ले रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी दफ्तर में बैठकर समीक्षा करने के बजाय फील्ड में जाएं और मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करें। महापौर ने कहा, “आज से यह स्थिति ठीक होनी चाहिए। मैं तुम्हारी बातें सुनने के लिए नहीं बुलाया, मेरी बात ध्यान से सुनो। मैं जो कह रहा हूं, वह आपको करना है।” उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि अब सीवरेज संबंधी शिकायतों का समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए। घरों में भर रहा सीवरेज का पानी, लोगों ने तोड़े चैंबर महापौर ने बताया कि कई क्षेत्रों से सीवरेज का पानी घरों में वापस भरने की शिकायतें मिल रही हैं। स्थिति यह है कि कुछ लोगों ने अपने घरों के पास बने चैंबर और पाइप तक तोड़ दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि हाउस कनेक्शन होने के बावजूद सीवरेज का पानी आगे क्यों नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर कनेक्शनों की जांच करने और समस्या की वास्तविक वजह पता लगाने के निर्देश दिए। महापौर ने बुधवारिया क्षेत्र की एक गली का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां से फोन आया था कि सीवरेज का पानी भरने के कारण बच्चों की तबीयत खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि पार्षदों और नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन उनका समय पर निराकरण नहीं हो रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *