हरदोई के मल्लावां कस्बे के गंगारामपुर स्थित ऐतिहासिक तपसी बाबा सदहा तालाब परिसर में गुरुवार को विशाल करवाचौथ दंगल का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के पिता स्व. डॉ. सुरेश पाठक और चाचा स्व. सुभाष चंद्र पाठक की पुण्य स्मृति में आयोजित इस दंगल में नेपाल समेत विभिन्न राज्यों से आए महिला और पुरुष पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। दोपहर तीन बजे शुरू हुए मुकाबले देर शाम तक चलते रहे। पहलवानों के दमदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। डिप्टी सीएम ने किया दंगल का शुभारंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’ ने की, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी राजेश पाठक ने संभाली। इस दौरान उपमुख्यमंत्री के बड़े भाई राजेश पाठक, मनोज अग्निहोत्री, माधौगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, उन्नाव के भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश कटिहार, भाजपा नेता अशोक सिंह और विशाल जायसवाल समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। नेपाल से लेकर राजस्थान तक के पहलवानों ने दिखाया दम दंगल में नेपाल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर और राजस्थान से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। नेपाल की मेवा थापा, शंकर थापा और लकी थापा, पंजाब के सोनू और बिल्ला, हरियाणा की पूनम, दिल्ली की मुस्कान, सोनीपत की कोमल, मेरठ के मोहसिन और सहारनपुर के साहिल ने अखाड़े में उतरकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। मेवा थापा ने बादल को दी पटखनी दंगल के कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। नेपाल की मेवा थापा ने राजस्थान के बादल को कड़ी टक्कर देते हुए पटखनी दी और जीत हासिल की। वहीं, एक अन्य मुकाबले में राजस्थान के बादल ने नेपाल के शंकर थापा को पराजित किया। उन्नाव के सुरेंद्र और हरिद्वार के राहुल के बीच हुआ मुकाबला बराबरी पर छूटा। दर्शकों से खचाखच भरा अखाड़ा महिला और पुरुष पहलवानों के मुकाबले देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे। पहलवानों के दांव-पेच और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। विजेताओं को अतिथियों ने सम्मानित किया। पूरे आयोजन के दौरान अखाड़ा तालियों और दर्शकों के उत्साह से गूंजता रहा। देखें दंगल से जुड़ी 8 तस्वीरें…

