टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने बृहस्पतिवार को विभिन्न होटल के परिचालन को लेकर करार की घोषणा की। इसके तहत मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी में 2,000 कमरों के आठ होटल का संचालन किया जाएगा। ये होटल विभिन्न हवाई अड्डों के पास स्थित होंगे।
समझौते के तहत ये होटल टाटा समूह की ताज, विवांता, गेटवे और जिंजर ब्रांड के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे। इन होटल का विकास अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स करेगी, जबकि इनके संचालन की जिम्मेदारी आईएचसीएल संभालेगी। आईएचसीएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पुनीत चटवाल ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।
ऐसे में हवाई अड्डों के आसपास विकसित होने वाली परियोजनाएं महत्वपूर्ण व्यावसायिक और आतिथ्य केंद्र बनकर उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह के साथ यह साझेदारी देश के यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र को आगे बढ़ाने के साझा दृष्टिकोण पर आधारित है। उन्होंने बताया कि इस साझेदारी के तहत तीन ताज, दो विवांता, एक गेटवे और दो जिंजर होटल विकसित किए जाएंगे।
इससे विभिन्न श्रेणियों के व्यावसायिक और छुट्टियां बिताने के लिए आने वाले यात्रियों की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। इन होटल के जुड़ने से देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर आईएचसीएल के विभिन्न ब्रांड के होटल की संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने छह हवाई अड्डों पर 655 एकड़ से अधिक भूमि विकसित करने के लिए अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड का गठन किया है।
यह भूमि पांच राज्यों में स्थित है, जिसमें मुंबई और नवी मुंबई में लगभग 440 एकड़ जमीन शामिल है। पहले चरण में अदाणी एयरपोर्ट सिटी मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में लगभग 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र विकसित करने के लिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के निदेशक जीत अडाणी ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य एयरपोर्ट सिटी परियोजनाओं में आतिथ्य सेवाओं के ढांचे को मजबूत करना और संबंधित क्षेत्रों के दीर्घकालिक आर्थिक विकास में योगदान देना है।
शहरों के लिहाज से मुंबई में हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर एक ताज होटल निर्माणाधीन है। अहमदाबाद में ताज और विवांता होटल का निर्माण काफी आगे बढ़ गया है। लखनऊ में विवांता और जिंजर होटल विकसित किए जाएंगे, जबकि गुवाहाटी में ताज, गेटवे और जिंजर ब्रांड के होटल होंगे।
इन आठ होटल में ठहरने, खानपान, बैठकों एवं आयोजनों के साथ-साथ ‘वेलनेस’ और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

