ऐप आधारित टैक्सी सेवा देने वाली कंपनी, उबर ने विवादों के निपटान के लिए चालकों को यात्रा का वीडियो एन्क्रिप्टेड प्रारूप में रिकॉर्ड करने की सुविधा दी है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने करीब 20 लाख चालक भागीदारों के लिए अधिक कमाई के विकल्प भी जोड़े हैं। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उबर इंडिया और दक्षिण एशिया में आपूर्ति परिचालन मामलों के निदेशक आदित्य कपूर ने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां, कंपनी से संपर्क करके इन वीडियो को प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा, “सुरक्षा बढ़ाने के लिए हमने चालकों के लिए ‘रिकॉर्ड माय ट्रिप’ सुविधा शुरू की है। इन रिकॉर्डिंग तक न तो उबर, न चालक और न ही यात्री की पहुंच होगी।”
उन्होंने कहा कि यदि किसी घटना के बाद स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी (एलईए) को रिकॉर्डिंग की प्रति चाहिए, तो वह कंपनी को लिखकर इसे प्राप्त कर सकती है।
इसका उद्देश्य चालकों का भरोसा बढ़ाना है, ताकि यात्रा के दौरान कोई घटना होने पर जांच एजेंसियों को निष्पक्ष जानकारी मिल सके। कंपनी के अनुसार, यात्रियों को उबर ऐप में वीडियो रिकॉर्डिंग का विकल्प चुनने की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा से जुड़े इस अद्यतन के तहत चालक अनुचित संदेशों की शिकायत कर सकेंगे और बिना किसी शुल्क के यात्रा रद्द कर सकेंगे।
उन्हें आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा तक पहुंच की सुविधा भी मिलेगी। उबर ने चालकों की कमाई बढ़ाने के लिए कई विकल्प भी जोड़े हैं। इनमें एक से दूसरे शहरों की यात्राओं के लिए उबर बाइक सेवा का विस्तार, व्यावसायिक और निजी पार्सल की डिलीवरी से अतिरिक्त कमाई तथा कार में पालतू जानवरों को ले जाने की अनुमति देने पर अतिरिक्त पैसे कमाने के विकल्प शामिल हैं।
कपूर ने कहा, “हमने चालकों के लिए प्लेटफॉर्म को आसान और अधिक सुरक्षित बनाया है। साथ ही, उन्हें अधिक कमाई के अवसर भी दिए जा रहे हैं। कमाई की सुविधा को आसान बनाने के लिए हमने ‘अर्न फर्स्ट, पे लेटर’ (पहले कमाओं, बाद में भुगतान करो) की शुरुआत की है।
ये पास पहले से बाजार में उपलब्ध हैं। हमने चालक ऐप को भी सरल बनाने के लिए उसमें बदलाव किए हैं।”
उन्होंने कहा कि शहरों के बीच उबर बाइक सेवा फिलहाल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में शुरू की गई है। इसका उद्देश्य दिल्ली से मेरठ या आगरा जैसे शहरों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बाइक से सफर करने का विकल्प देना है।
कपूर ने कहा कि इससे चालकों और यात्रियों, दोनों को फायदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि कंपनी की अधिकतर नई सेवाएं फिलहाल चुनिंदा क्षेत्रों में उपलब्ध हैं और जल्द ही इन्हें पूरे देश में शुरू किया जाएगा।

