करनाल में पश्चिमी यमुना नहर में डूब रही महिला की जान बचाने वाले डायल 112 के तीन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने तीनों कर्मचारियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र श्रेणी-3 और नकद पुरस्कार देकर उनका मनोबल बढ़ाया। बता दें कि, 23 अक्टूबर की सुबह पश्चिमी यमुना नहर में एक महिला के डूबने की सूचना डायल 112 पर मिली थी। इसके बाद ईआरवी-429 की टीम ने तुरंत कार्रवाई की। ईआरवी इंचार्ज ईएसआई दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने महिला को बचाने के प्रयास शुरू किए। टीम ने मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी दिखाते हुए महिला को नहर से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से महिला को जरूरी सहायता मिल सकी। इन पुलिस कर्मियों को मिला सम्मान सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों में ईएसआई दिलबाग सिंह, एसपीओ कृष्ण कुमार और एसपीओ पवन कुमार शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने तीनों को प्रशंसा प्रमाण पत्र श्रेणी-3 और नकद पुरस्कार प्रदान किया। पुलिस विभाग की ओर से ड्यूटी के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, जिम्मेदारी और जनसेवा का उदाहरण पेश करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे सम्मान दिए जा रहे हैं। आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता एसपी करन गोयल ने कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन, त्वरित कार्रवाई और आमजन के साथ अच्छा व्यवहार प्रभावी पुलिस व्यवस्था के जरूरी आधार हैं। पुलिसकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करते हुए नागरिकों की सुरक्षा और सहायता को प्राथमिकता देनी चाहिए। करनाल पुलिस के अनुसार, डायल 112 पर मिलने वाली आपातकालीन सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। उत्कृष्ट काम करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनका मनोबल बढ़ाना और अन्य पुलिसकर्मियों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करना है। पुलिस ने आमजन की सुरक्षा, सहायता और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

