करनाल में नीलोखेड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ट्रक को बचाने के प्रयास में एक कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में कार सवार कॉलेज के दो छात्र बाल-बाल बच गए। टक्कर के दौरान कार ने डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट लाइट को भी तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। ट्रक को बचाने के दौरान बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, ग्रैंड आई-10 कार करनाल से कुरुक्षेत्र की तरफ जा रही थी। कार में दो कॉलेज छात्र सवार थे। उनके आगे एक ट्रक चल रहा था। कार चालक के अनुसार, ट्रक की गति अचानक कम हो गई। इसी दौरान एक अन्य गाड़ी भी साइड से ओवरटेक कर रही थी। उसे बचाने और ट्रक से टक्कर टालने के प्रयास में कार चालक ने गाड़ी को साइड में किया। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में स्ट्रीट लाइट का पोल भी नीचे गिर गया। हैंड ब्रेक लगाने से पलटने की बात आई सामने
मौके पर मौजूद राहगीर प्रतीक ने बताया कि शुरुआती जानकारी में यह बात भी सामने आई कि चालक ने ब्रेक की जगह हैंड ब्रेक लगा दी थी, जिससे कार पलट गई। हालांकि, हादसे के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। कुरुक्षेत्र पॉलिटेक्निक में पढ़ता है चालक
कार चला रहे अतुल ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र पॉलिटेक्निक में पढ़ता है और उसके साथ उसका दोस्त भी था। अतुल के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक ने अचानक गति कम कर दी थी। उसी समय दूसरी गाड़ी भी ओवरटेक कर रही थी। उसे बचाने के लिए उसने कार को साइड में किया और हैंड ब्रेक लगाई, लेकिन गाड़ी संतुलन में नहीं रही और डिवाइडर पर पलट गई। उसने बताया कि दोनों युवक सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई। शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। कार में दो युवक सवार थे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

