जोधपुर शहर में ट्रेवल एजेंसी के ऑफिस से 2.35 लाख रुपए चोरी हो गए। मालिक का कहना है कि वे ऑफिस को लॉक करके चाय पीने गए थे। वापस आकर देखा तो रुपए नहीं थे। सीसीटीवी चेक करने पर वारदात का पता चला। चोर 7 मिनट एजेंसी के अंदर रहा। मामला उदयमंदिर थाना क्षेत्र का है। एजेंसी का गेट तोड़कर अंदर घुसा था चोर पुलिस में अब्दुल राहिल निवासी हाजी बिल्डिंग, स्टेशन रोड ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि उनका मिनर्वा सेंटर के सामने ताज ट्रेवलर्स के नाम से ऑफिस है। 13 साल से वे एजेंसी चला रहे है। 24 अक्टूबर की रात करीब 10:51 बजे वे ऑफिस को लॉक करके चाय पीने गए थे। वापस आए तो दरवाजा टूटा मिला। सीसीटीवी चैक करने पर पता चला कि टोपी पहना एक युवक ऑफिस का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा था। 7 मिनट में चोरी कर बाइक पर भागा करीब 7 मिनट तक ऑफिस के अंदर रहा। उसने काउंटर का गल्ला तोड़कर उसमें रखे 2,35,000 रुपए चोरी कर लिए। इसके बाद पैदल मोहनपुरा पुलिया की तरफ चला गया, जहां उसका एक साथी बाइक लेकर पहले से उसका इंतजार कर रहा था। इसके बाद दोनों रातानाड़ा की तरफ बाइक पर बैठकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। रिपोर्ट में एक युवक पर शक जताया है। उदयमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

