भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के नए प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने-अपने कैडर में परिवीक्षा प्रशिक्षण और उसके बाद तैनाती के लिए भेजे जाने से पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय से संबद्ध किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ऐसा पहली बार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि 78वें नियमित भर्ती बैच में 151 अधिकारी प्रशिक्षु शामिल हैं जिनमें पड़ोसी देशों के 16 विदेशी अधिकारी भी हैं।
इस बैच ने हाल में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा किया है। सूत्रों के अनुसार, 2025 के इस बैच को गृह मंत्रालय से संबद्ध करने के लिए बृहस्पतिवार को विज्ञान भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आईपीएस अधिकारियों के इस बैच की दीक्षांत परेड को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने 17 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संदेश पढ़ा।
इसमें आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति, समयबद्ध कार्रवाई और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया था।

