करवा चौथ पर लखनऊ में रात 8:20 बजे चंद्रोदय:29 अक्टूबर को रोहिणी नक्षत्र में रहेगा चंद्रमा; शुभ मुहूर्त शाम 5:38 से 6:56 बजे तक

करवा चौथ पर लखनऊ में रात 8:20 बजे चंद्रोदय:29 अक्टूबर को रोहिणी नक्षत्र में रहेगा चंद्रमा; शुभ मुहूर्त शाम 5:38 से 6:56 बजे तक

लखनऊ में करवा चौथ पर इस बार चंद्रमा की स्थिति खास रहेगी। 29 अक्टूबर को कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी पर चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृष में रोहिणी नक्षत्र में रहेगा। इस दिन परिधि, लक्ष्मीनारायण राजयोग और बुधादित्य योग भी बनेंगे। ज्योतिषीय मान्यता में इसे पर्व की शुभता बढ़ाने वाला संयोग माना गया है। लखनऊ में रात 8:20 बजे चंद्रोदय होगा, जबकि पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 से 6:56 बजे तक रहेगा। करवा चौथ से पहले शहर के बाजारों में देर रात तक रौनक रही। हजरतगंज, अमीनाबाद, गोमतीनगर, आलमबाग, भूतनाथ मार्केट और इंदिरानगर में महिलाएं खरीदारी के लिए पहुंचीं। साड़ी, सूट, चूड़ी, ज्वेलरी, कॉस्मेटिक्स, पूजा सामग्री और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भीड़ रही। मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं और युवतियों में खास उत्साह दिखा। कई बाजारों में रात 2:30 बजे तक मेहंदी लगाई गई। परिवार और सहेलियों के साथ पहुंची महिलाओं ने हथेलियों पर पारंपरिक और आकर्षक डिजाइन बनवाए। अमीनाबाद में दुकानों के बाहर फुटपाथ तक सामान सजाया गया। मंदिरों और कॉलोनियों में सामूहिक पूजन त्रिवेणी नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में करीब 50 महिलाओं के लिए सामूहिक पूजन की व्यवस्था की गई है। पांच पंडित करवा चौथ की कथा सुनाएंगे। पूजा सामग्री भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। सहारा स्टेट में दोपहर 4 बजे से सामूहिक पूजन होगा। महिलाएं एक साथ कथा सुनेंगी और फिर एक-दूसरे की पूजा की थाली बदलकर परंपरा निभाएंगी। चलनी से चंद्र दर्शन के बाद खुलेगा व्रत सुहागिनें पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ दिनभर निर्जला व्रत रखेंगी। शाम को भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश और करवा की पूजा होगी। चंद्रमा निकलने पर चलनी से दर्शन कर अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद महिलाएं जल ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी। ज्योतिषाचार्य शिव गुरु के अनुसार, चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर की रात 1:09 बजे शुरू होकर रात 10:09 बजे तक रहेगी। लखनऊ के अलावा कई शहरों में चंद्रोदय रात 8:40 बजे तक हो सकता है। चंद्रमा का वृष राशि में रोहिणी नक्षत्र के साथ रहना इस बार करवा चौथ का प्रमुख ज्योतिषीय संयोग माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *