सोहन वाल्मीकि पर केस के विरोध में कांग्रेस की रैली:चांदामेटा के दशहरा विवाद को लेकर प्रदर्शन; पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाकर ज्ञापन सौंपा

सोहन वाल्मीकि पर केस के विरोध में कांग्रेस की रैली:चांदामेटा के दशहरा विवाद को लेकर प्रदर्शन; पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाकर ज्ञापन सौंपा

छिंदवाड़ा के चांदामेटा में दशहरा उत्सव के दौरान भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच हुए विवाद के बाद कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीकि पर केस दर्ज किया गया था। इसके विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को परासिया में जन आक्रोश रैली निकाली। पार्टी ने आरोप लगाया कि विधायक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जबकि उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। चांदामेटा से निकली रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली एसडीओपी कार्यालय के पास पहुंची। यहां कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके ने भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप झेल रहे अधिकारियों-कर्मचारियों को लेकर तीखी टिप्पणी की। विधायक पर केस दर्ज होने के विरोध में प्रदर्शन विधायक का आरोप है कि आयोजन स्थल पर भाजपा नेताओं ने आकर अभद्रता की थी। उन्होंने भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चांदामेटा थाने में शिकायत भी दी थी। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। जबकि विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पार्टी नेताओं ने इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के बाद जिलेभर में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया था। इसी क्रम में बुधवार को परासिया में जन आक्रोश रैली निकाली गई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए थे। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, एसडीएम श्री निगम, सीएसपी अभिषेक चौधरी सहित आसपास के थानों के टीआई और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन लिया। प्रदर्शन में जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके, चौरई विधायक सुजीत चौधरी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गंगा प्रसाद तिवारी, अमरवाड़ा विधानसभा प्रभारी विनोद यदुवंशी और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गोलू पटेल सहित अन्य नेता शामिल हुए। सुनील उइके बोले- सूची बना लो, चुनाव के बाद देखेंगे प्रदर्शन के दौरान जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके ने भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप झेल रहे अधिकारियों-कर्मचारियों को लेकर बयान दिया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘खटमल की तरह मसलने’ की बात कही। उइके ने कांग्रेस नेताओं से ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची बनाने को कहा, जो उनके आरोप के मुताबिक भाजपा का गमछा डालकर काम कर रहे हैं। उइके ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों-कर्मचारियों को देखा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनका केवल तबादला नहीं किया जाएगा। बल्कि जहां भी उनका स्थानांतरण होगा, वहां से उन्हें छिंदवाड़ा बुलाकर काम कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अधिकारी-कर्मचारी 15 अगस्त और 26 जनवरी को मैदान में परेड करते नजर आएंगे। दशहरा विवाद के बाद बढ़ा राजनीतिक टकराव चांदामेटा में दशहरा उत्सव के दौरान भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीकि के खिलाफ दर्ज मामले और भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के आरोपों को लेकर पार्टी विरोध जता रही है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस और प्रशासन का पक्ष इस खबर में उपलब्ध नहीं है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *