कानपुर में चल रहे सड़क निर्माण, पैचवर्क और सीएम ग्रिड योजना के कार्यों की हकीकत जानने के लिए मंगलवार देर रात करीब 1 बजे जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और सीडीओ ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बजरिया थाने के सामने सड़क के पैचवर्क में खामियां मिलीं। वहीं, डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने स्वरूप नगर में चल रही सीएम ग्रिड योजना के कार्य को दीपावली से पहले पूरा करने को कहा। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता देखकर संबंधित विभागों को कमियां दूर करने के साथ काम निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बजरिया में पैचवर्क की फिनिशिंग मिली खराब नगर निगम के जोन-4 में बजरिया थाने के सामने नाला रोड पर करीब 450 मीटर लंबाई में पैचवर्क कराया जा रहा है। इस कार्य पर लगभग 18 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान सड़क के समतलीकरण और पैच जॉइंट की फिनिशिंग में कमी मिली। इस वजह से सड़क की सतह एकसमान नहीं दिखाई दे रही थी। इस पर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने संबंधित जोनल अभियंता को ठेकेदार से सुधार कराने के निर्देश दिए। डीएम महेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क का समतलीकरण और फिनिशिंग मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। चुन्नीगंज से राजीव पेट्रोल पंप तक 1.7 किमी सड़क चुन्नीगंज चौराहे से राजीव पेट्रोल पंप तक लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया । नगर आयुक्त ने बताया कि करीब 1.7 किलोमीटर लंबे इस सड़क निर्माण पर 101.44 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाए और काम में देरी न हो। सड़क को जल्द आवागमन के लिए सुचारु करने के साथ शहर के अन्य क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की भी नियमित निगरानी करने को कहा। स्वरूप नगर में 2 नवंबर तक एक तरफ का रास्ता होगा साफ स्वरूप नगर में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने ठेकेदार से प्रगति और काम पूरा होने की समयसीमा की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि काम दीपावली से पहले पूरा कराया जाए। इस पर कार्यदायी संस्था ने बताया कि 2 नवंबर तक सड़क की एक ओर का काम पूरा कर रास्ता साफ कर दिया जाएगा। साथ ही, योजना के तहत चल रहे कुल चार कार्यों में से तीन को नवंबर माह तक पूरा करने की बात कही।

