बुरहानपुर जिले के नेपानगर में नगर पालिका के प्रभारी सीएमओ विजय सिंह कुशवाहा पर अपने वेतन के 1.90 लाख रुपए खुद के हस्ताक्षर से निकालने का आरोप लगा है। नपा उपाध्यक्ष सरला प्रवीण काटकर ने बुधवार को कलेक्टर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उपाध्यक्ष के मुताबिक, सीएमओ संतराम चौहान 14 सितंबर से छुट्टी पर हैं। उनकी जगह उपयंत्री विजय सिंह कुशवाहा को प्रभारी सीएमओ बनाया गया है। आरोप है कि प्रभार संभालने के बाद कुशवाहा ने 26 अक्टूबर को अपनी वेतन विसंगति के 1.90 लाख रुपए खुद के हस्ताक्षर से निकाल लिए। पत्र में कहा गया है कि प्रभारी सीएमओ को 90 दिन तक केवल रोजमर्रा के भुगतान का अधिकार होता है। बड़े और नीतिगत भुगतान के लिए परिषद की मंजूरी जरूरी है। कुशवाहा पर परिषद की मंजूरी के बिना ठेकेदारों को भी भुगतान करने का आरोप है। उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि कुशवाहा के प्रभार संभालने के बाद शहर में बिजली और पानी की व्यवस्था बिगड़ी है। स्ट्रीट लाइटें बंद हैं और गोदाम में बल्ब व एलईडी खत्म हो गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि नपा में वरिष्ठ अधिकारी होने के बावजूद जूनियर अधिकारी को प्रभारी क्यों बनाया गया। ये मांग की गई सरला काटकर ने प्रभारी सीएमओ के वित्तीय अधिकार रोकने, किसी वरिष्ठ अधिकारी को प्रभार देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इससे पहले नगरीय प्रशासन विभाग भी खरीदी और निर्माण कार्यों में गड़बड़ी को लेकर कुशवाहा से जवाब मांग चुका है। आरोपों पर अधिकारी ने क्या कहा? प्रभारी सीएमओ विजय सिंह कुशवाहा ने कहा कि वेतन की राशि न्यायालय के आदेश के पालन में निकाली गई है और इसमें कुछ गलत नहीं है। स्थापना प्रभारी पांडुरंग पाटील ने कहा कि सीएमओ के निर्देश पर फाइल आगे बढ़ाई गई और इसके बाद भुगतान कराया गया।

