दुर्गा पंडाल में विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट:बिलासपुर में 4 आरोपी गिरफ्तार, बुजुर्ग महिला समेत परिवार से की थी मारपीट-तोड़फोड़

दुर्गा पंडाल में विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट:बिलासपुर में 4 आरोपी गिरफ्तार, बुजुर्ग महिला समेत परिवार से की थी मारपीट-तोड़फोड़

बिलासपुर। नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडाल में प्रतिमा दर्शन को लेकर हुए विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने तीन युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। घटना मंगला के गोपी चौक इलाके की है। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों से मारपीट की और बाइक व दरवाजे को नुकसान पहुंचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। दुर्गा पंडाल के पास शुरू हुआ था विवाद पुलिस के अनुसार, मंगला के यादव मोहल्ला, गोपी चौक राजाबाड़ा के पास रहने वाले शुभम यादव ने 20 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने छोटे भाई के साथ दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने पंडाल के पास गया था। इसी दौरान महेन्द्र उर्फ गोलू यादव और उसके भतीजे के साथ विवाद हो गया। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने शुभम और उसके भाई के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की। घर में घुसकर परिवार के लोगों से मारपीट का आरोप शिकायत के अनुसार, पंडाल के पास विवाद के बाद गोलू यादव और उसका भतीजा अपने अन्य साथियों के साथ शुभम के घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने शुभम यादव, उसकी दादी, पिता कलेश यादव, मां इंद्राणी यादव और भाई के साथ मारपीट की। इस दौरान बाइक और घर के दरवाजे में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान मामले में अपराध दर्ज कर सिविल लाइन पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद बीती रात महेन्द्र उर्फ गोलू यादव, संकेत यादव, ओंकार यादव और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चारों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले में तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग के संबंध में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *