हरियाणा के नारनौल में ऑनलाइन टास्क पूरा करके घर बैठे कमाई करने का झांसा देकर अटेली मंडी निवासी व्यक्ति से 7 लाख 15 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना नारनौल पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के गांव अखथली निवासी कमलेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस पहले ही जोधपुर निवासी नवीन को गिरफ्तार कर चुकी है। डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि मामले की जांच के दौरान ठगी की रकम के लेनदेन और इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की पड़ताल की गई। पहले गिरफ्तार आरोपी नवीन से पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कमलेश की भूमिका सामने आई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कमलेश ने अपना और नवीन का बैंक खाता साइबर ठगी करने वाले गिरोह को उपलब्ध कराया था। नवीन के खाते में पहुंचे थे 5 लाख रुपए पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को गिरफ्तार किए गए नवीन के बैंक खाते में ठगी की कुल रकम में से 5 लाख रुपए सीधे पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की, जिसमें कमलेश का नाम सामने आया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं। व्हाट्सएप पर दिया था कमाने का झांसा शिकायतकर्ता को मई 2025 में व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन टास्क पूरा करके प्रतिदिन 2 हजार से 8 हजार रुपए कमाने का लालच दिया गया था। शुरुआत में छोटे टास्क के बदले कुछ रकम लौटाकर उसका विश्वास जीता गया। इसके बाद अधिक मुनाफे का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 7 लाख 15 हजार रुपए जमा करवा लिए गए। रकम वापस मांगने पर उससे अतिरिक्त पैसे मांगे गए और बाद में संपर्क बंद कर दिया गया। शिकायत के आधार पर 12 सितंबर 2025 को साइबर थाना नारनौल में केस दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, कमलेश को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड मांगा जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों और ठगी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। अनजान लोगों को न दें बैंक खाते डीएसपी डॉ. कविता ने लोगों से ऑनलाइन टास्क और कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के प्रलोभन से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।

