सोनभद्र में सत्य सनातन ट्रस्ट के खाते से 2.37 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी, तीन गिरफ्तार

सोनभद्र में सत्य सनातन ट्रस्ट के खाते से 2.37 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी, तीन गिरफ्तार

सोनभद्र जिले में पुलिस ने सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खाते से 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन और साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी 35 शिकायतों के मामले में रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार को बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से सत्य सनातन ट्रस्ट के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित पोर्टल पर कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुई थीं जिनकी जांच के दौरान ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खाते में 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बनाए गए समन्वय पोर्टल पर उपलब्ध संदिग्ध बैंक खातों और उनसे जुड़ी शिकायतों की जांच के दौरान गत 16 अक्टूबर को इस खाते से संबंधित 35 शिकायतें दर्ज पाई गईं।

वर्मा के अनुसार संबंधित बैंक खाते के संचालन पर पहले भी कई बार रोक लगाई गई थी लेकिन अज्ञात कारणों से खाते का संचालन बार-बार शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस मामले में खाते के संचालन और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्राप्त शिकायतों और संदिग्ध लेनदेन से संबंधित जानकारी के आधार पर साइबर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजकर 40 मिनट पर सूचना के आधार पर दुद्धी थाने की पुलिस ने म्योरपुर तिराहे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान चंदौली निवासी हरिकेश पांडेय तथा सोनभद्र के रहने वाले अंजनी कुमार और वेदांत मौर्य के रूप में हुई है। वर्मा ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *