उन्नाव में नगर पंचायत भगवंत नगर में बंदरों के आतंक पर कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। गुरुवार रात चौकी चौराहा स्थित वाजपेई ट्रेडर्स पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक अध्यक्ष उमाशरण सोनी की अध्यक्षता में हुई। इसमें बंदरों की समस्या और प्रशासन की कार्यशैली पर चर्चा कर जल्द कार्रवाई की मांग की गई। उमाशरण सोनी ने बताया कि करीब दो माह पहले नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर बंदरों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया। बंदरों के हमलों से बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों को खतरा बना हुआ है। व्यापारियों ने विशेषज्ञों की टीम बुलाकर बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाने और त्योहारों से पहले बाजारों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

