लखनऊ में MLC चुनाव के लिए वोटिंग आज:1.16 लाख मतदाता चुनेंगे विधान परिषद सदस्य, 8 बजे वोटिंग का आगाज

लखनऊ में MLC चुनाव के लिए वोटिंग आज:1.16 लाख मतदाता चुनेंगे विधान परिषद सदस्य, 8 बजे वोटिंग का आगाज

लखनऊ में विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए आज यानी शुक्रवार को मतदान होगा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,16,491 वोटर मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वोटिंग सुबह आठ से शुरू होगी और शाम चार बजे तक चलेगी। लखनऊ में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 96,070 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 20,421 मतदाता हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 259 मुख्य और सहायक मतदान बूथ बनाए गए हैं। सरोजनीनगर में सबसे अधिक 16,935 मतदाता हैं। इसके बाद लखनऊ पूर्व में 15,740 और बख्शी का तालाब में 13,457 मतदाता हैं। लखनऊ उत्तर में 11,791 और लखनऊ पश्चिम में 11,052 मतदाता हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सरोजनीनगर में 3585, लखनऊ पश्चिम में 3383 और लखनऊ उत्तर में 3253 मतदाता हैं। डीएम विशाख जी ने बताया कि सील मतपेटियां रमाबाई रैली स्थल पहुंचाई जाएंगी। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। वोटर कार्ड नहीं तो ये दस्तावेज मान्य वोटर कार्ड नहीं होने पर मतदाता का आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी सेवा का पहचान पत्र, डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और यूडीआईडी कार्ड समेत निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक मान्य होगा। मतपत्र पर निशान लगाने के लिए पीठासीन अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल करना होगा। लखनऊ में स्नातक के 96 हजार से ज्यादा मतदाता लखनऊ में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर 259 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 138 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 121 केंद्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 96,070 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 20,421 मतदाता हैं। इस तरह कुल 1,16,491 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 9 जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया जिला मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को 9 जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया है। मतदान के लिए 72 भारी और 62 हल्के वाहन लगाए गए हैं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए आशियाना स्थित रमाबाई रैली स्थल पर व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों के 100 मीटर दायरे में प्रतिबंध मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंध लागू रहेंगे। राजनीतिक दलों की टेबल इस दायरे के बाहर ही लगाई जा सकेंगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में पोस्टर, झंडे, लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्री की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा अनधिकृत वाहन खड़े करने और भीड़ जमा करने पर भी रोक रहेगी। बैलेट पेपर से होगा मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना इन चुनावों में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले इस मुकाबले को राजनीतिक दलों के लिए अहम माना जा रहा है। हालांकि, एमएलसी चुनाव के नतीजे सामान्य विधानसभा चुनाव के मतदाताओं की पसंद का सीधा संकेत नहीं माने जा सकते, क्योंकि दोनों चुनावों के मतदाता अलग-अलग हैं। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है। आम चुनाव के मतदाताओं से अलग हैं स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के वोटर लोकसभा और विधानसभा चुनाव में 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र का पात्र नागरिक मतदान कर सकता है। इसके विपरीत विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता बनने के लिए निर्धारित अर्हता तिथि से कम से कम तीन वर्ष पहले स्नातक होना जरूरी है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एक नवंबर 2025 से ठीक पहले के छह वर्षों में कम से कम तीन वर्ष तक माध्यमिक विद्यालय या उससे उच्च स्तर के निर्धारित शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाने का अनुभव होना चाहिए। इन चुनावों में मतपत्र से मतदान होता है। मतदाता उम्मीदवारों के नाम के सामने पसंद के अनुसार वरीयता क्रम में 1, 2, 3 आदि अंक लिखते हैं। मतदान के लिए मिलेगा विशेष अवकाश मतदान के लिए पात्र कर्मचारियों को 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। डीएम ने इसका निर्देश जारी किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *