वाराणसी Air Show ट्रैफिक प्लान- राजघाट पुल रहेगा बंद:56 स्थान पार्किंग के लिए चिह्नित, नमो घाट से अस्सी घाट तक बनाया ग्रीन कॉरिडोर

वाराणसी Air Show ट्रैफिक प्लान- राजघाट पुल रहेगा बंद:56 स्थान पार्किंग के लिए चिह्नित, नमो घाट से अस्सी घाट तक बनाया ग्रीन कॉरिडोर

वाराणसी में आज से शुरू हो रहे भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने वृहद ट्रैफिक प्लान जारी किया है। भव्य एयर शो तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य अति-विशिष्ट (VVIP) मेहमानों के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बड़े आयोजन और वीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर आम जनता, दर्शकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने एक विस्तृत और कड़ा ट्रैफिक प्लान जारी किया है। नमो घाट पर होने वाले इस एयर शो को लेकर गंगा पर बने काशी में 4 पुलों में से सबसे पुराने राजघाट पुल पर सुबह से ही आवजाही बंद रहेगी। इसपर पैदल चलने की भी अनुमति नहीं होगी। वहीं ट्रैफिक विभाग ने 56 जगह पार्किंग की व्यवस्था की है और किसी को कोई असुविधा न हो इसके लिए 56 जगहों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
भारी वाहनों की नो-एंट्री: रिंग रोड और NH-19 पर डायवर्जन वायुसेना के इस भव्य कार्यक्रम के दौरान शहर के भीतर भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यातायात पुलिस के मुताबिक, सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों, रोडवेज व निजी बसों, और बाहर से आने वाले टेम्पो ट्रैवलर को शहर के बाहरी रास्तों से गुजारा जाएगा। इन वाहनों का संचालन पूरी तरह से रिंग रोड और नेशनल हाईवे-19 (NH-19) के रास्ते किया जाएगा। इसके अलावा, मिर्जापुर और सोनभद्र की दिशा से वाराणसी की तरफ आने वाले भारी और बड़े व्यावसायिक वाहनों को औराई और भदोही के रास्ते डायवर्ट कर भेजा जाएगा, ताकि शहर के प्रवेश द्वारों पर वाहनों का दबाव न बढ़े। हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन, एम्बुलेंस, दमकल गाड़ियां और शहर के भीतर चलने वाले स्थानीय चारपहिया वाहनों को प्रतिबंधों से छूट दी गई है। राजघाट पुल पूरी तरह बंद, सामने घाट पर आंशिक छूट एयर शो की सुरक्षा और एयरस्पेस क्लीयरेंस को देखते हुए गंगा नदी पर बने प्रमुख पुलों के लिए भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। यातायात योजना के अनुसार, राजघाट गंगा पुल पर वाहनों के साथ-साथ पैदल आवागमन को भी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से इस पुल पर किसी को भी रुकने या गुजरने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, अस्सी और रामनगर को जोड़ने वाले सामने घाट पुल पर आंशिक राहत दी गई है। इस पुल से केवल दोपहिया वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों को ही पार जाने की अनुमति होगी। भारी और चारपहिया वाहनों के लिए यह पुल बंद रहेगा। इसके विपरीत, सुदूर क्षेत्रों को जोड़ने वाले रिंग रोड पुल और विश्वसुंदरी गंगा पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन सामान्य रूप से अनुमन्य रहेगा, जिससे राहगीर आसानी से गंगा पार आ-जा सकेंगे। शहर के अलग अलग स्थानों पर पार्किंग एयर शो देखने के लिए आने वाले लाखों दर्शकों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के अलग-अलग कोनों में बड़े पार्किंग स्थल बनाए हैं।

* गोदौलिया और चौक क्षेत्र: गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, बेनियाबाग मैदान, टाउनहॉल मैदान, मच्छोदरी पार्किंग ग्राउंड और नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी।
* वरुणा पार और यूनिवर्सिटी क्षेत्र: कैंट और वरुणा जोन की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए क्वींस कॉलेज, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान और बीएचयू (BHU) कैंपस के भीतर निर्धारित स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
* अस्सी और रामनगर क्षेत्र: अस्सी और सामने घाट क्षेत्र के निर्धारित मैदानों के अलावा रामनगर में पीएसी (PAC) ग्राउंड, रामबाग ग्राउंड, प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान और लंका मैदान को पार्किंग स्थल के रूप में सुरक्षित किया गया है। नमो घाट से अस्सी तक ग्रीन कॉरिडोर इस मेगा इवेंट के दौरान नमो घाट, राजघाट, दशाश्वमेध-अस्सी और रामनगर क्षेत्र के लिए विशेष ग्रीन कॉरिडोर निर्धारित किए गए हैं ताकि आपातकालीन और वीवीआईपी वाहनों को तुरंत निकाला जा सके। कुछ चुनिंदा और संवेदनशील मार्गों पर पैदल चलने वाले दर्शकों के लिए भी अलग बैरिकेडिंग और रास्ते तय किए गए हैं। यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इन पांच दिनों के दौरान केवल अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही इन क्षेत्रों में निकलें और अपने गंतव्य तक समय से पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से प्रस्थान करें। किसी भी प्रकार की परेशानी या रूट की जानकारी के लिए पुलिस ने दो आधिकारिक नंबर जारी किए हैं। आमजन ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 7839856994 या ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7317202020 पर संपर्क कर मदद ले सकते हैं। तस्वीरों में जानिये पार्किंग स्थल

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *