Tiger Shroff Firing Case : टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कोटा पुलिस का बड़ा खुलासा, नेपाल भागने की फिराक में थे शूटर

Tiger Shroff Firing Case : टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कोटा पुलिस का बड़ा खुलासा, नेपाल भागने की फिराक में थे शूटर

Tiger Shroff Firing Case Kota Police: कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में कोटा सिटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग के मामले में शामिल मुख्य संदिग्ध ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने महज 15 मिनट में ट्रेन में घेराबंदी कर तलाशी ली और तीनों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि ऋतिक पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था। तीनों को अब मुंबई पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।

दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की थी योजना

एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों की योजना दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल भागने की थी। पुलिस ने उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया। हालांकि, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार अभी बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि हथियार कहां हैं और वारदात के बाद उनका क्या किया गया।

अनिल पंडित के संपर्क में था रेहान

एसपी के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि रेहान उर्फ सुक्का, अनिल पंडित के संपर्क में था। अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया गया है। पुलिस इस संपर्क और फायरिंग की घटना के बीच संबंधों की जांच करेगी। मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंच गई है और आरोपियों को उसे सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *