भिवानी बस हादसे में घायल कंडक्टर की मौत:हांसी का रहने वाला, दो बेटियों- एक बेटे का पिता, 10 दिन पहले संभाला था काम

भिवानी बस हादसे में घायल कंडक्टर की मौत:हांसी का रहने वाला, दो बेटियों- एक बेटे का पिता, 10 दिन पहले संभाला था काम

भिवानी में शुक्रवार को हुए निजी बस हादसे में घायल कंडक्टर नवीन (35) की शनिवार शाम मौत हो गई। वह हांसी की अंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला था। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे हांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार रात ऑपरेशन के दौरान उसका बायां पैर काटना पड़ा था। दाएं पैर की तीन उंगलियां भी काटनी पड़ी थीं। शनिवार को उसकी तबीयत ठीक बताई जा रही थी और वह परिजनों से बातचीत भी कर रहा था, लेकिन शाम करीब साढ़े पांच बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हुई। निजी अस्पताल में तोड़ा दम नवीन के भाई संजू ने बताया कि नवीन कई साल से बस मालिक की बस दूसरे रूट पर चलाता था। करीब दस दिन पहले ही उसने हांसी-भिवानी रूट पर चलने वाली इस बस में कंडक्टर का काम संभाला था। शुक्रवार को हादसे के बाद उसे भिवानी से रोहतक रेफर किया जा रहा था, लेकिन परिजन रात करीब नौ बजे उसे हांसी के एक निजी अस्पताल में ले आए थे। यहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया। नवीन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनमें सात साल का बेटा और पांच व तीन साल की दो बेटियां हैं। उसके पिता राम अवतार ई-रिक्शा चलाते हैं। नवीन की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण की चिंता भी खड़ी हो गई है। बस मालिक पर ड्राइवर बताने का दबाव बनाने का आरोप नवीन के भाई संजू ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद बस मालिक उन्हें बार-बार फोन कर नवीन को कंडक्टर की बजाय बस का ड्राइवर बताने का दबाव बना रहा था। संजू के अनुसार, नवीन के पास हैवी वाहन चलाने का लाइसेंस था, लेकिन परिजनों ने उसे ड्राइवर बताने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के लिए बस ड्राइवर जिम्मेदार है। उनका कहना है कि ड्राइवर तेज रफ्तार से बस चला रहा था और उसने ब्रेकर के ऊपर से बस को तेज गति में उछाल दिया, जिससे बाद बस पलट गई। फिलहाल नवीन का शव निजी अस्पताल में रखा गया है। पुलिस की ओर से शव को हांसी के सामान्य अस्पताल में रखवाने की तैयारी की जा रही थी। हादसे में कंडक्टर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *