टांगी से हत्या किया फिर आरोपी ने की आत्महत्या:सूरजपुर में पत्नी-बेटी के बयान से खुला राज, बसदेई पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

टांगी से हत्या किया फिर आरोपी ने की आत्महत्या:सूरजपुर में पत्नी-बेटी के बयान से खुला राज, बसदेई पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र के ग्राम सोनपुर बरपारा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच के अनुसार, गांव के ही बालगोविन्द सिंह ने टांगी से सिर पर वार कर नाहर सिंह की हत्या की थी। वारदात के कुछ दिन बाद बालगोविन्द का शव भी उसके खेत के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने जाँच के दौरान घटना में इस्तेमाल टांगी जब्त कर ली है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम सामने आने की बात पुलिस ने कही है। खेत के पास नाले में मिला था नाहर सिंह का शव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनपुर बरपारा निवासी जयलाल सिंह ने 12 अक्टूबर 2026 को बसदेई चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा नाहर सिंह 10 अक्टूबर की रात से लापता है। इसी बीच 12 अक्टूबर की सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि नाहर सिंह का शव खेत के पास नाले के पानी में पड़ा है। उसके सिर पर चोट के निशान थे। हत्या की आशंका पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 760/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई। दो दिन बाद खेत के पास मिला बालगोविन्द का शव जांच के दौरान 14 अक्टूबर को ग्राम सोनपुर निवासी बालगोविन्द सिंह का शव उसके खेत के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध की जांच कर रही थी। इसी दौरान 17 अक्टूबर को ग्रामीणों से पूछताछ और बालगोविन्द के परिजनों के बयान से पुलिस को अहम जानकारी मिली। पत्नी और बेटी के बयान से सामने आई पुरानी रंजिश पुलिस के मुताबिक, बालगोविन्द की पत्नी और बेटी ने बताया कि नाहर सिंह कथित तौर पर उसे परेशान करता था। इस बात को लेकर बालगोविन्द नाराज रहता था और कई बार नाहर सिंह को मारने की बात कह चुका था। परिजनों के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात नाहर सिंह और बालगोविन्द घर के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान नाहर सिंह ने अपनी पत्नी और बेटे को फोन कर घर आने के बारे में पूछा और वहां से चला गया। कुछ देर बाद बालगोविन्द घर आया और टांगी लेकर बाहर निकला। करीब एक घंटे बाद वह वापस लौटा और उसके व्यवहार में बदलाव दिखने लगा। पत्नी से हत्या करने की बात कहने का दावा पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को नाहर सिंह का शव मिलने के बाद बालगोविन्द भी वहां पहुंचा था। पुलिस को देखकर वह वापस घर लौट आया। बाद में उसने अपनी पत्नी से कथित तौर पर कहा कि उसने नाहर सिंह को मार दिया है और अब परिवार को कोई परेशान नहीं करेगा। इसके बाद वह इलाज कराने जाने की बात कहकर घर से निकल गया था। 14 अक्टूबर को उसका शव खेत के पास मिला। नाहर सिंह के भाई तान सिंह ने भी पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बालगोविन्द ने उससे कहा था कि उसका भाई उसे बहुत परेशान करता है। टांगी जब्त, पुलिस ने किया मामले का खुलासा पुलिस की जाँच के अनुसार, बालगोविन्द सिंह ने टांगी से नाहर सिंह के सिर पर वार कर उसकी हत्या की थी। इसके बाद बालगोविन्द की भी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी जब्त कर ली है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया है। घटना में आरोपी की मौत हो जाने के कारण आगे की कानूनी प्रक्रिया और जाँच में पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *