मिर्जापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 15 अक्टूबर को प्रस्तावित जनसभा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को जनपद के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ विंध्याचल पहुंचे। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद कालीखोह मंदिर मोड़ स्थित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साउंड सिस्टम, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर की सुख-समृद्धि की कामना प्रभारी मंत्री नंदी ने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वह मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जनसभा के लिए निर्धारित स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। पंडाल से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्था पर जोर निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसभा में आने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। पंडाल में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था हो और पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मंच और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था की भी जांच कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से रूट प्लान तैयार करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों को भी चाक-चौबंद रखने पर जोर दिया। डीएम और एसपी को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक से कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने निर्धारित समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

