Pakistan vs Sri Lanka T20: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने नए कप्तान साहिबजादा फरहान की अगुवाई में श्रीलंका के खिलाफ 2-1 से टी20 सीरीज जीत ली। इस सीरीज में साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी की और तीनों मैचों में अर्धशतक जड़ दिया। इसके अलावा माज सदाकत और फखर जमान ने भी टॉप ऑर्डर में अच्छी बल्लेबाजी की। तीनों टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत देने के साथ यह भी सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान के लिए तेजी से रन बन सकें।
कामरान अकमल का बड़ा दावा
पहले दोनों मुकाबले जीतने के बाद पाकिस्तान की टीम आखिरी मुकाबले में हार गई, लेकिन सीरीज में उसके प्रदर्शन की खूब सराहना हो रही है। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से साहिबजादा फरहान की टीम प्रदर्शन कर रही है, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि 2028 टी20 वर्ल्ड कप में उसे हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि, इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भारत को छोड़कर दूसरी टीमें पाकिस्तान को नहीं हरा पाएंगी।
PCB ने बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ जैसे खिलाड़ियों को बाहर कर दिया है। इसका असर यह हुआ कि जो पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ जीत के लिए तरस रही थी, वह श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर सीरीज जीतने में सफल रही। इस सीरीज में साहिबजादा फरहान ने लगभग 80 की औसत से 238 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 165 का रहा। वहीं, माज सदाकत का स्ट्राइक रेट उनसे भी ज्यादा 175 का रहा। दोनों ने मिलकर तीन मैचों में 22 छक्के और 31 चौके जड़े।
सिल्वर मेडल के बाद मिला गोल्डेन मौका
साहिबजादा फरहान को एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था। वहां उनकी टीम सिर्फ दो मैच खेल पाई, जिसमें से एक में जीत हासिल कर फाइनल में पहुंच गई। फाइनल में टीम इंडिया के खिलाफ भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन वह गोल्ड मेडल नहीं जीत पाए। इस प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला किया और सलमान अली आगा की जगह साहिबजादा फरहान को टी20 टीम का कप्तान बना दिया।

