IND vs WI: 7 साल पहले इसी मैदान पर वेस्टइंडीज ने झेला था विराट कोहली का कहर! अकेले पड़े थे कैरेबियन टीम पर भारी

IND vs WI: 7 साल पहले इसी मैदान पर वेस्टइंडीज ने झेला था विराट कोहली का कहर! अकेले पड़े थे कैरेबियन टीम पर भारी

India vs WI T20: भारत और वेस्टइंडीज की टीमों के बीच हैदराबाद में सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला खेला जाएगा, जहां 2019 में इन दोनों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला था। 

IND vs WI T20 Update: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमें 2019 में इस मैदान पर आमने-सामने हुई थीं, जहां भारतीय टीम ने छह विकेट से शानदार जीत हासिल की थी। इस मैदान की सबसे अच्छी बात यह है कि भारतीय टीम यहां कभी भी टी20 मुकाबला नहीं हारी है। अब तक खेले गए तीनों मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत मिली है।

पोलार्ड-हेटमायर ने की थी छक्कों की बारिश

पिछली बार जब वेस्टइंडीज और भारत की यहां टक्कर हुई थी, तब भी भारतीय टीम ने छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया था। उस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 207 रन बनाए थे। इसमें एविन लुईस ने 17 गेंदों में 3 चौकों और चार छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेली थी, तो शिमरन हेटमायर ने 56 और कीरोन पोलार्ड ने 37 रन बनाए थे। हेटमायर और पोलार्ड ने भी अपनी पारी में चार-चार छक्के जड़े थे, जबकि जेसन होल्डर ने सिर्फ नौ गेंदों में 24 रन ठोक दिए थे।

उस मुकाबले में दीपक चाहर की जमकर पिटाई हुई थी, जिन्होंने चार ओवर में 56 रन लुटा दिए थे। इसके अलावा शिवम दुबे ने भी एक ओवर में 13 रन दिए थे। 208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी और रोहित शर्मा सिर्फ आठ रन बनाकर आउट हो गए थे। लेकिन इसके बाद केएल राहुल और विराट कोहली ने मैच का पासा ही पलट दिया। राहुल ने 40 गेंदों में 62 रन की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे। वहीं, विराट कोहली ने मैच जीतकर ही दम लिया। उन्होंने 50 गेंदों का सामना करते हुए 94 रन बनाए, जिसमें छह चौके और छह बेहतरीन छक्के शामिल थे।

उस सीरीज में संजू सैमसन, कुलदीप यादव, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे भी टीम का हिस्सा थे, लेकिन संजू सैमसन और कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। श्रेयस अय्यर को बल्लेबाजी का मौका मिला था और उन्होंने चार गेंदों में छह रन बनाए थे, जबकि शिवम दुबे बल्लेबाजी के लिए जरूर आए थे, लेकिन एक भी गेंद नहीं खेल सके। ऐसे में जब टीम इंडिया आज हैदराबाद में उतरेगी, तो वह पिछले प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *