कोसली में ₹11.57 करोड़ की लागत से बनेगा बस स्टैंड:एक सप्ताह में शुरू होगा काम, PWD को ₹7 करोड़ ट्रांसफर; 50 बसों का होगा संचालन

कोसली में ₹11.57 करोड़ की लागत से बनेगा बस स्टैंड:एक सप्ताह में शुरू होगा काम, PWD को ₹7 करोड़ ट्रांसफर; 50 बसों का होगा संचालन

रेवाड़ी जिले के कोसली में सब डिपो का निर्माण कार्य एक सप्ताह में शुरू किया जाएगा। टेंडर लेने वाली एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। वहीं रोडवेज विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी विभाग को करीब 7 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके है। सब डिपो के निर्माण में करीब 11.57 करोड रुपए की लागत आएगी। बता दें कि वर्ष 2017 में एक जनसभा के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कोसली को सब डिपो का दर्जा देने की घोषणा की थी। हालांकि घोषणा के बाद लंबे समय तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। करीब चार साल बाद परिवहन विभाग द्वारा यहां वर्कशॉप का निर्माण कराया गया। वर्कशॉप बनने के बाद क्षेत्र के लोगों ने नए बस अड्डे के निर्माण की मांग की थी। साल 1982 में हुआ था बस स्टैंड का निर्माण कोसली का पुराना बस अड्डा वर्ष 1982 में बनाया गया था। समय के साथ इसकी स्थिति काफी जर्जर हो चुकी थी और भवन किसी भी समय हादसे का कारण बन सकता था। इसी को देखते हुए गत वर्ष पुराने बस अड्डे को गिराकर उसका मलबा साफ कर दिया गया। इसके बाद से बस अड्डे की जगह खाली मैदान में तब्दील हो गई। यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की वर्कशॉप को अस्थायी बस अड्डे के रूप में उपयोग में लाया जाने लगा। स्थायी बस अड्डा नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कनीना, नारनौल और महेंद्रगढ़ की ओर जाने वाली कई बसें ओवरब्रिज के पास ही यात्रियों को उतार देती हैं। 11.57 करोड़ का नए बस स्टैंड का निर्माण कोसली बस स्टैंड के निर्माण के लिए बजट लोक निर्माण विभाग को स्थानांतरित कर दिया था। कोसली में 11.5 करोड़ रुपए की लागत से छह बूथ के अत्याधुनिक बस अड्डे का निर्माण होना है। इसका टेंडर लोक निर्माण विभाग की तरफ से लगाया जाना था, लेकिन प्रक्रिया में देरी के चलते टेंडर एक साल बाद छूट पाया है। अब पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से टेंडर की सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई हैं। वहीं रोडवेज विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी विभाग को करीब 7 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं। एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने दावा किया है कि एक सप्ताह के अंदर सब डिपो के नए भवन का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। 92 पद स्वीकृत, 50 बसों का होगा संचालन कोसली सब डिपो में 92 पद सृजित करते हुए स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें स्टेशन सुपरवाइजर का एक, गार्ड मास्टर के तीन, एसएसआई का एक, हेड मैकेनिक का एक, मैकेनिक के 10, इलेक्ट्रिशियन के तीन, ब्लैक स्मिथ के दो, रेडिएटर रिपेयरर का एक, वेल्डर के दो, पेंटर का एक, टायरमैन के चार, सहायक मैकेनिक के 18, सहायक इलेक्ट्रिशियन के चार, सहायक ब्लैक स्मिथ के चार, सहायक टावरमैन के पांच, सहायक वेल्डर के चार, सहायक पेंटर के दो, सहायक अपहोल्स्टर के दो, सहायक के दो, स्टोरमैन के 10, जूनियर ऑडिटर का एक, क्लर्क के तीन, कैशियर के तीन व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पांच पद शामिल हैं। कोसली सब डिपो के बस स्टैंड से 50 के करीब बसें संचालित की जाएंगी। इससे कोसली क्षेत्र के लोगों को रेवाड़ी बस स्टैंड पर जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें कोसली बस स्टैंड से ही दूसरे जिलों व राज्यों के रूटों पर रोडवेज की बस सेवाएं मिल सकेंगी। 6 बूथ का बनेगा नया बस स्टैंड कोसली में साढ़े 11 करोड़ रुपए की लागत से नया बस स्टैंड बनाया जाएगा। इसमें 6 बस बूथ, अधिकारियों के कार्यालय, बसों के ठहराव के लिए प्लेटफार्म, पार्किंग और कार्यशाला की सुविधा होगी। बजट मंजूर होने के बाद रोडवेज प्रबंधन ने राशि लोक निर्माण विभाग को स्थानांतरित कर दी है। अब विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। करीब दो साल पहले पुराने बस स्टैंड भवन को जर्जर घोषित कर दिया गया था। यूनियन प्रधान बोले- यात्रियों को हो रही परेशानी हरियाणा रोडवेज यूनियन के प्रधान प्रवीन यादव ने कहा कि लंबे समय से रोडवेज के सब डिपो की फाइल कागजों में अटकी हुई है। सब डिपो का निर्माण जल्द शुरू होना चाहिए। सब डिपो की बिल्डिंग नहीं होने के कारण कई रूटों पर बस सेवा प्रभावित हो रही है। इसलिए यात्रियों की परेशानी को देखते हुए जल्द सब डिपो का शुरू किया जाना चाहिए। PWD को 7 करोड़ किए जा चुके ट्रांसफर रोडवेज जीएम निरंजन शर्मा का कहना है कि राज्य परिवहन विभाग ने सब डिपो व बस स्टैंड के निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंप दी है। दोनों विभागों के आपसी तालमेल से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। रोडवेज विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी विभाग को 7 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं। एक सप्ताह के अंदर शुरू होगा काम पीडब्ल्यूडी विभाग एक्सईएन सतेंद्र श्योराण का कहना है कि सब डिपो निर्माण की सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। एक सप्ताह के अंदर एक भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। जल्द से जल्द सब डिपो के नए भवन का निर्माण कार्य पूरा कराने का प्रयास रहेगा ताकि यात्रियों को परेशानी ना उठानी पड़े।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *