रायपुर-एयरपोर्ट पर रनवे मरम्मत से 2 फ्लाइट डायवर्ट…280 यात्री फंसे:दिल्ली का विमान एयरपोर्ट के ऊपर लगाता रहा चक्कर; नागपुर भेजना पड़ा, रात 8:50 बजे रायपुर पहुंची इंदौर की फ्लाइट

रायपुर-एयरपोर्ट पर रनवे मरम्मत से 2 फ्लाइट डायवर्ट…280 यात्री फंसे:दिल्ली का विमान एयरपोर्ट के ऊपर लगाता रहा चक्कर; नागपुर भेजना पड़ा, रात 8:50 बजे रायपुर पहुंची इंदौर की फ्लाइट

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम रनवे की मरम्मत के कारण विमान परिचालन प्रभावित हुआ। दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रही इंडिगो की दो उड़ानों को नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों में करीब 280 यात्री सवार थे। रनवे पर पैचवर्क का काम पूरा होने के बाद शाम करीब 7 बजे लैंडिंग दोबारा शुरू हुई। इसके बाद नागपुर भेजे गए विमानों की रायपुर वापसी का रास्ता साफ हुआ। एयरपोर्ट संचालन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 734 और इंदौर से आने वाली फ्लाइट 6E 813 को नागपुर भेजा गया। अचानक हुए बदलाव के कारण यात्रियों को रायपुर पहुंचने के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। दोनों विमानों में करीब 140-140 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाता रहा दिल्ली का विमान दिल्ली से रायपुर आ रहा इंडिगो का विमान स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के ऊपर कई बार चक्कर लगाता रहा। रनवे की समस्या के कारण लैंडिंग नहीं हो सकी, जिसके बाद विमान को नागपुर डायवर्ट कर दिया गया। बताया गया कि इस विमान में कुछ कांग्रेस नेता भी सवार थे। हालांकि, उनके नाम सामने नहीं आए। इंदौर से आ रही दूसरी उड़ान को भी इसी वजह से नागपुर भेजना पड़ा। मरम्मत पूरी होने के बाद शुरू हुई लैंडिंग भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के एयरपोर्ट संचालन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, रनवे पर पैचवर्क मरम्मत का काम चल रहा था। इसी वजह से कुछ समय के लिए लैंडिंग प्रभावित हुई। सुरक्षित परिचालन को ध्यान में रखते हुए दोनों विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया। शाम करीब 7 बजे कोलकाता से आई फ्लाइट की रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। इसके बाद विमान परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा। रात 8:50 बजे रायपुर पहुंची इंदौर की फ्लाइट नागपुर डायवर्ट की गई इंदौर-रायपुर फ्लाइट 6E 813 रात 8 बजकर 50 मिनट पर रायपुर पहुंच गई। वहीं, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 6E 734 के रात करीब 9:10 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई थी। खबर लिखे जाने तक उसकी लैंडिंग की पुष्टि नहीं हुई थी। इस दौरान किसी यात्री के घायल होने या विमान को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली। हालांकि, उड़ानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को देरी और परेशानी का सामना करना पड़ा। रायपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस मामलें में अब तक अधिकृत बयान जारी नहीं किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *