फरीदाबाद में दिवाली के त्योहार को देखते हुए पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने कैली गांव में खंदावाली रोड स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। पुलिस ने यहां से करीब 383.750 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गोदाम में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री की जा रही थी। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दिवाली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर नजर रखी जा रही है। क्राइम ब्रांच टीम ने कैली गांव के खंदावाली रोड पर स्थित गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में पटाखे मिले। बिना लाइसेंस पटाखे बेचने का आरोप मुकेश नाम का व्यक्ति बिना किसी वैध लाइसेंस के पटाखे बेच रहा था। छापेमारी के दौरान बरामद पटाखों का कुल वजन 383.750 किलोग्राम पाया गया। अब जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि पटाखे कहां से लाए गए थे और उनकी बिक्री किन लोगों को की जा रही थी। दिवाली तक जारी रहेगी पुलिस की निगरानी पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने और बिना लाइसेंस बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान अवैध पटाखों की बिक्री रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

