कानपुर के बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव में पांच बार चेयरमैन रहीं डॉ. निर्मला सिंह के निधन के बाद 13 अक्टूबर मंगलवार को मतदान होगा। भाजपा ने उपचुनाव में डॉ. निर्मला सिंह के बेटे राणा समरेन्द्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने दूसरी बार प्रदीप द्विवेदी को मैदान में उतारा है। सपा की ग्रामीण लोहिया वाहिनी के उपाध्यक्ष आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गदा चुनाव चिह्न के साथ मैदान में हैं। दैनिक भास्कर ने इस त्रिकोणीय उपचुनाव को लेकर तीनों प्रत्याशियों से बातचीत की। इस दौरान बिठूर नगर पंचायत के विकास और उनकी प्राथमिकताओं को लेकर चर्चा हुई। पढ़िए, यह रिपोर्ट… भाजपा प्रत्याशी बोले- मां के साथ रहकर 2001 से जनता की सेवा की
भाजपा प्रत्याशी राणा समरेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और चुनाव लड़ने का मौका दिया। उन्होंने कहा, “मैं अपनी मां और बिठूर की चेयरमैन रहीं डॉ. निर्मला सिंह के साथ रहकर जनता की सेवा करता रहा हूं। वर्ष 2001 से लगातार उनके साथ क्षेत्र में सक्रिय रहा। अब उपचुनाव में प्रत्याशी हूं।” उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार के जरिए बिठूर में लगातार विकास हुआ है। जनता उन्हें विश्वास के साथ सेवा का मौका देगी। उन्होंने कहा, “देश, प्रदेश और पंचायत स्तर पर लगातार विकास हुआ है। आगे भी विकास का यह सिलसिला जारी रहेगा। मैं जनता की सेवा करता रहूंगा।” कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि जहां कमी है उसे पूरा किया जाएगा कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि वह पहले भी जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। वह पिछले 30 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं। पार्टी ने उन्हें ग्रामीण स्तर पर विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा, “मैं जनता से वोट मांग रहा हूं और लोगों का सहयोग भी मिल रहा है। अगर मुझे मौका मिला, तो बिठूर नगर पंचायत में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने का काम करूंगा।” निर्दलीय प्रत्याशी बोले- सभासद रहते हुए जनता की सेवा की
निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू ने कहा कि वह ध्रुव नगर वार्ड के सभासद हैं और लगातार जनता की सेवा करते आए हैं। सपा में ग्रामीण स्तर पर विभिन्न पदों पर रहते हुए वह बिठूर की जनता से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा, “अब मैं नगर पंचायत चेयरमैन के उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गदा चुनाव चिह्न के साथ मैदान में हूं और जनता के बीच जाकर समर्थन मांग रहा हूं।”

