बलरामपुर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बलरामपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का भव्य शुभारंभ किया। सोमवार,सुबह 11 बजे पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के जरिए नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। रैली पूरे नगर से होते हुए पुनः एसपी कार्यालय पहुंचकर लगभग 12:30 समाप्त हुआ।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण और शहरी इलाकों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में उपयोगी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिस ने अपील की है कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में भय और संकोच छोड़कर तत्काल सहायता लें। एसपी के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं की शिकायतें संवेदनशीलता से सुनने तथा प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षण संस्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया है। बलरामपुर पुलिस का लक्ष्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। पुलिस ने आमजन से भी महिला सुरक्षा एवं सम्मान की मुहिम में सक्रिय सहयोग की अपील की है।

