बैतूल में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध स्थितियों में मौत:पति सेना में तैनात; मायके पक्ष के संदेह पर पुलिस ने पीएम करवाया

बैतूल में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध स्थितियों में मौत:पति सेना में तैनात; मायके पक्ष के संदेह पर पुलिस ने पीएम करवाया

बैतूल जिले के आमला क्षेत्र के हसलपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे बैतूल के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां से जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान लीना बेले (30) के रूप में हुई। उसकी शादी आशीष बेले से 28 जून 2018 को हुई थी। पति देहरादून में सेना में पदस्थ बताया गया है। दंपती का छह साल का एक बेटा है। मृतका ने बीएससी तक पढ़ाई की थी। दोनों का विवाह अंतरजातीय और आपसी सहमति से हुआ था। तीन दिन पहले आया था बुखार
पति के मुताबिक, 10 अक्टूबर को लीना को बुखार आया था। अगले दिन 11 अक्टूबर को उसे बोड़खी में एक निजी डॉक्टर को दिखाया गया। इसके बाद वे घर लौट आए। शाम को लीना के सीने में दर्द होने लगा, इसके बाद उसे हसलपुर से बैतूल के एक निजी अस्पताल लाया गया। पति का कहना है कि वहां डॉक्टर ने हार्ट अटैक की आशंका बताकर जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति ने मौत को सामान्य बताते हुए कार्डियक अरेस्ट की बात कही। उसने किसी गंभीर विवाद से इनकार किया है। मायके पक्ष ने मौत को लेकर संदेह जताया
दूसरी ओर, मायके पक्ष ने मौत को लेकर संदेह जताया है। परिजनों का आरोप है कि लीना वैवाहिक जीवन में परेशान रहती थी और पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता था। परिजनों ने प्रताड़ना और इलाज में लापरवाही की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि लीना ने पहले भी घरेलू विवादों के बारे में बताया था। परिजनों के अनुसार, लीना अप्रैल 2026 में देहरादून गई थी और करीब पांच-छह दिन पहले हसलपुर लौटी थी। हालांकि, प्रताड़ना और उपचार में लापरवाही से जुड़े आरोपों की पुलिस जांच में पुष्टि होना बाकी है। मायके पक्ष के लोग सोमवार को बैतूल जिला अस्पताल पहुंचे। संदेह के आधार पर पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मामले की डायरी जांच के लिए आमला भेजी जाएगी। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *