रायपुर में नवरात्रि के अवसर पर आज 11 अक्टूबर से नौ देवियों की झांकी सजाई जाएगी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से बलौदाबाजार मार्ग स्थित शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर और नवा रायपुर के सेक्टर-20 में 20 अक्टूबर तक झांकी का आयोजन होगा। श्रद्धालु प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक देवियों के दर्शन कर सकेंगे। ब्रह्माकुमारी संस्थान की रायपुर संचालिका सविता दीदी के अनुसार, झांकी में मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, काली और गायत्री देवी सहित शिवशक्तियों की महिमा दिखाई जाएगी। विशाल मंच पर सजी देवियों की झांकी को लाइट एंड साउंड और संगीतमय कमेंट्री के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन में यह प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। झांकी में ब्रह्माकुमारी बहनें देवियों के स्वरूप में अचल और स्थिर मुद्रा में विराजित रहेंगी। राजयोग की साधना और तपस्या से मन की एकाग्रता के जरिए वे लंबे समय तक बिना हिले-डुले बैठती हैं। संस्थान के अनुसार, झांकी देखने आने वाले लोगों को यहां शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होगा। 21 अक्टूबर से नि:शुल्क राजयोग शिविर जीवन में सुख और शांति का अनुभव करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी संस्थान के शांति सरोवर और चौबे कॉलोनी स्थित सेवा केंद्र में 21 अक्टूबर से सात दिवसीय राजयोग अनुभूति शिविर भी शुरू होगा। शिविर में शामिल होने के लिए सुबह 7 से 8 बजे या शाम 7 से 8 बजे तक के सत्र में भाग लिया जा सकता है। इसमें प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

