संभल में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क रविवार दोपहर 1:30 बजे संभल के मोहल्ला ठेर स्थित मदरसा अजमल उल उलूम पहुंचे। यहां उन्होंने उर्स-ए-अजमली में शिरकत कर चादरपोशी की। उन्होंने कहा कि उनके दादा और पूर्व सांसद स्व. शफीकुर्रहमान बर्क हर साल यहां आते थे। वह भी यहां पहुंचे हैं, जबकि उनकी मां की तबीयत बहुत खराब है। ‘प्रदर्शन करना हमारा संवैधानिक अधिकार’ CJP के प्रदर्शन और लोगों को हिरासत में लिए जाने के सवाल पर सांसद बर्क ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और मार्च निकालना संवैधानिक अधिकार है। अगर प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से और कानून के दायरे में हो रहा है, तो सरकार को रोकना नहीं चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसा कर रही है, क्योंकि वह डर रही है। बर्क ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश की आम जनता का मुद्दा है। उनके मुताबिक, जिस तरह वोट काटे जा रहे हैं, उससे चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। कहा कि इस्तीफा नहीं देने पर उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए। इसी मुद्दे पर विपक्षी दल भी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। ‘बहुमत की राय को देखना चाहिए’ पूर्व जजों की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त का समर्थन किए जाने पर बर्क ने कहा कि कुछ लोगों ने उनका समर्थन किया है, लेकिन इतने बड़े देश में सभी की राय एक जैसी नहीं हो सकती। अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि चुनाव भी बहुमत के आधार पर होते हैं। उनके अनुसार, अगर बहुमत उन्हें पद से हटाने और इस्तीफा देने की मांग कर रहा है, तो ऐसा होना चाहिए। बर्क ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर गलत काम करने का आरोप भी लगाया। धारा 163 के नोटिस और मेट्रो स्टेशन बंद करने पर उठाए सवाल सुप्रीम कोर्ट की ओर से कोर्ट परिसर के पास लगे धारा 163 के नोटिस को हटाने के मामले पर बर्क ने कहा कि जब सर्वोच्च न्यायालय ने निर्देश दिया है, तो सरकार और संबंधित अधिकारियों को उसका पालन करना चाहिए। उसकी अवहेलना नहीं होनी चाहिए। मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने पर उन्होंने कहा कि यह भी न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना जैसा है। बर्क ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इस दौरान आम लोगों को परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए। ‘लोग इत्तेहाद के साथ सही रास्ते पर चलें’ उर्स में चादरपोशी के बाद सांसद बर्क ने दुआ की। उन्होंने कहा कि अल्लाह सभी की हाजिरी कबूल करे। उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और पैगंबर मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने की अपील की। कहा कि उस रास्ते पर चलते रहने से इंशाअल्लाह कामयाबी जरूर मिलेगी।

