ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी गांव में 33 वर्षीय राजेश जाटव ने शनिवार रात करीब 9 बजे घर में रखा तेजाब पी लिया। परिजन उसे इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शराब की लत से परेशान होकर छोड़ गई थी पत्नी मृतक के भाई के मुताबिक, राजेश मजदूरी करता था और उसे शराब पीने की लत थी। करीब 8 साल पहले उसकी शादी झांसी निवासी क्रांति से हुई थी। शराब पीने की आदत से परेशान होकर पत्नी 5 साल पहले अपने 5 साल के बेटे को लेकर उसे छोड़कर चली गई थी। पत्नी और बेटे के दूर जाने के बाद राजेश मानसिक तनाव में रहने लगा और पहले से ज्यादा शराब पीने लगा। पहले भी दो बार बची थी जान परिजनों ने बताया कि राजेश पहले भी दो बार जानलेवा स्थितियों से बचा था। एक बार शराब के नशे में उसने नींद की गोलियां खा ली थीं। समय रहते अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बच गई थी। दूसरी बार उसे जहरीले सांप ने काट लिया था। उस समय भी समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद, बेटे से बिछड़ने के गम और डिप्रेशन के चलते तेजाब पीने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

