मुरादाबाद के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पसियापुरा, ठाकुरद्वारा में किशोरियों के लिए कार्यशाला हुई। मुख्य विकास अधिकारी मृणालिनी अविनाश जोशी के नेतृत्व में ‘परिवर्तन द चेंज’ संस्था ने मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन पर जानकारी दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा की डॉ. शिल्पी चौधरी ने छात्राओं को मासिक धर्म में साफ-सफाई और सुरक्षित आदतों पर बताया। उन्होंने गलत धारणाएं दूर कर सैनिटरी पैड के इस्तेमाल व निस्तारण की जानकारी दी। मनोवैज्ञानिक डॉ. रीना तोमर ने किशोरावस्था के भावनात्मक बदलावों, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव से निपटने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को अपनी भावनाएं समझने और समस्याएं खुलकर बताने के लिए प्रेरित किया, साथ ही करियर के लिए भी मार्गदर्शन दिया। छात्राओं ने कार्यशाला में सक्रिय भाग लिया और विशेषज्ञों से सवाल पूछे। आखिर में 90 सैनिटरी पैड बांटे गए। इस कार्यशाला से 45 छात्राओं को सीधा फायदा मिला।

