बरनाला के एसडी कॉलेज के सामने स्थित राही बस्ती में गुरुवार शाम अचानक चली गोली से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान ठेकेदार बसंत सिंह के पैर में गोली लग गई। खून से लथपथ हालत में उन्हें तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार उनकी जान खतरे से बाहर है। स्थानीय निवासी सोमनाथ ने बताया कि बस्ती का यह नुक्कड़ काफी समय से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। गुरुवार शाम को भी 10-12 युवक हाथ में रिवॉल्वर लहराते हुए आपस में धक्का-मुक्की और गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बीच अचानक गोली चल गई, जो पास खड़े बसंत सिंह के पैर में जा लगी। गोली चलने का धमाका सुनते ही सभी आरोपी अपने हथियार समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस ने खुद संज्ञान लेकर जांच की तेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, फिर भी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान की कोशिश जारी पुलिस अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या गैर-कानूनी। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हुड़दंग मचाने वाले युवकों और गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

