Vidyut Jammwal Training: एक्शन स्टार विद्युत जामवाल इन दिनों अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं। फिल्म में वह पॉपुलर वीडियो गेम कैरेक्टर धालसिम का किरदार निभाते नजर आएंगे। 8 अक्टूबर 2026 को एक्टर ने सोशल मीडिया पर अपने ट्रेनिंग सेशन की कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिनमें उनकी जबरदस्त फिटनेस, फ्लेक्सिबिलिटी और बॉडी कंट्रोल देखने को मिला। खास बात यह रही कि वर्कआउट की इन झलकियों में विद्युत त्रिशूल और शंख के साथ भी नजर आए।
विद्युत जामवाल अपनी फिटनेस और मार्शल आर्ट्स के लिए पहले से ही पहचाने जाते हैं। अब ‘स्ट्रीट फाइटर’ में धालसिम जैसे खास किरदार को पर्दे पर उतारने के लिए उनकी ट्रेनिंग भी चर्चा में है। एक्टर ने अपने पोस्ट के जरिए बताया कि इस किरदार की तैयारी सिर्फ शरीर को लचीला बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे मानसिक मजबूती भी अहम है।
विद्युत ने दिखाया धालसिम के लिए अपना ट्रेनिंग रूटीन
विद्युत ने अपने इंस्टाग्राम पर ट्रेनिंग सेशन की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। एक विजुअल में वह बेहद मुश्किल मूवमेंट करते दिखाई दे रहे हैं और इस दौरान उनका पूरा फोकस और बॉडी कंट्रोल साफ नजर आता है।
एक दूसरी तस्वीर में विद्युत झरने के सामने त्रिशूल पकड़े खड़े हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में वह सफेद पारंपरिक कपड़ों में आंखें बंद किए ध्यान की मुद्रा में नजर आए। इस तस्वीर में उनके हाथ में शंख भी दिखाई देता है। इन तस्वीरों ने उनके वर्कआउट पोस्ट को एक अलग और आध्यात्मिक अंदाज दिया। अपनी पोस्ट के कैप्शन में विद्युत ने लिखा, “वर्कआउट वीडियो @streetfightermovie धालसिम शरीर को स्ट्रेच करने के बारे में नहीं है, यह मन को उसकी सीमाओं से परे स्ट्रेच करने के बारे में है।”
सिर्फ फ्लेक्सिबिलिटी नहीं, मानसिक मजबूती पर भी फोकस
‘स्ट्रीट फाइटर’ में विद्युत जिस धालसिम का किरदार निभा रहे हैं, वह कैपकॉम की मशहूर वीडियो गेम फ्रैंचाइजी का आइकॉनिक कैरेक्टर है। धालसिम अपनी असाधारण फ्लेक्सिबिलिटी के लिए जाना जाता है। वह अपने हाथों और पैरों को बेहद लंबा कर सकता है और इसी क्षमता की मदद से अपने विरोधियों पर दूर से हमला करता है।
किरदार के पास आग उगलने जैसी खास शक्ति भी है। इसके अलावा वह हवा में तैर सकता है और रहस्यमयी तरीके से गायब होकर दोबारा सामने आ सकता है। यही वजह है कि धालसिम का किरदार फिजिकल मूवमेंट और खास शक्तियों के लिहाज से काफी अलग माना जाता है।
कौन है धालसिम?
वीडियो गेम की कहानी में धालसिम भारत से ताल्लुक रखने वाला एक शांत स्वभाव का योगा मास्टर है। वह हिंसा पसंद नहीं करता, लेकिन अपने गरीब गांव के लिए इनामी रकम जुटाने के मकसद से फाइटिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेता है।
ऐसे किरदार को पर्दे पर निभाने के लिए विद्युत की फिटनेस और मार्शल आर्ट्स की विशेषज्ञता अहम भूमिका निभा सकती है। एक्टर इससे पहले भी अपने कठिन वर्कआउट और मार्शल आर्ट्स स्किल्स की झलक फैंस के साथ शेयर करते रहे हैं। हाल ही में वह बिना पलक झपकाए 15 मिनट तक सांस रोकने के दावे को लेकर भी चर्चा में रहे थे। अब ‘स्ट्रीट फाइटर’ में धालसिम के रूप में विद्युत का अंदाज कैसा होगा, इसे लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह है।




