ललितपुर में एंटी करप्शन टीम झांसी ने गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे ग्राम टोरिया में तैनात क्षेत्रीय लेखपाल विपुल तिवारी को किसान से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। टीम को देखते ही लेखपाल किराये के मकान के अंदर भाग गया और दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि उसने रिश्वत में मिले नोटों को गैस चूल्हे पर जला दिया और उनके अवशेष पानी में बहाने का प्रयास किया। टीम ने कमरे से जले हुए नोटों के टुकड़े बरामद किए। आरोपी लेखपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मांगी थी 20 हजार की रिश्वत ग्राम टोरिया निवासी किसान मनोज कुमार के अनुसार, लेखपाल विपुल तिवारी ने जमीन पर उसका कब्जा बरकरार रखने के नाम पर 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपए देने को कहा गया था। मनोज रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि लेखपाल को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। इसके लिए उसने भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी की ट्रैप टीम से शिकायत की। घर के बाहर पैसे लिए शिकायत के बाद लेखपाल ने मनोज को 15 हजार रुपए लेकर पहले तुवन चौराहे के पास दुकान पर बुलाया, लेकिन वहां पैसे नहीं लिए। इसके बाद तुवन और फिर शारदा मंदिर के पास बुलाया गया। अंत में दोपहर करीब 3 बजे आजादपुरा स्थित शारदा बिहार कॉलोनी में अपने किराये के मकान के बाहर बुलाया। मनोज ने जैसे ही लेखपाल को रुपए दिए, ट्रैप टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। टीम को देखते ही लेखपाल दौड़कर किराये के मकान में घुस गया और गेट बंद कर लिया। गेट नहीं खोला तो टीम ने बल प्रयोग कर अंदर प्रवेश किया ट्रैप टीम ने काफी प्रयास के बाद भी गेट नहीं खुलवाया। आरोप है कि इसी दौरान लेखपाल ने रिश्वत के नोट गैस चूल्हे पर जला दिए। टीम ने बल प्रयोग कर गेट खुलवाया तो कमरे में कागज जलने का धुआं मौजूद था। किचन के सिंक में जले हुए नोटों के अवशेष मिले, जिन्हें टीम ने बरामद कर लिया। लेखपाल के हाथों को केमिकल से धुलवाया गया तो उनका रंग गुलाबी हो गया। इसके बाद टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रतापगढ़ का रहने वाला, ललितपुर में किराये पर रह रहा था आरोपी विपुल तिवारी पुत्र बजरंगवली तिवारी प्रतापगढ़ के थाना आशपुर देवसरा क्षेत्र के ग्राम आमापुर पट्टी का रहने वाला है। वह वर्तमान में ललितपुर के आजादपुरा थाना कोतवाली क्षेत्र की डमडम कॉलोनी में अमन श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रह रहा था। पहले पैमाइश और हदबंदी के बाद मिला था कब्जा किसान मनोज कुमार पुत्र स्व. ग्याप्रसाद ने बताया कि 30 मई 2023 को तत्कालीन लेखपाल ने उसकी जमीन की पैमाइश कर हदबंदी की पुष्टि की थी। इसके बाद उसे प्लॉट पर कब्जा दिलाकर फील्ड बुक के अनुसार पत्थर लगवा दिए गए थे। मनोज के अनुसार, बाद में क्षेत्रीय लेखपाल विपुल तिवारी ने उसे बताया कि गाटा संख्या 767 में खातेदार मानसिंह और शिवराज ने राजस्व की धारा 30(2) की कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें रंग भरने की कार्रवाई होनी है। इस पर मनोज ने लेखपाल से कहा कि उसकी जमीन की पत्थर गड्ढी पहले ही हो चुकी है और वह अपनी जमीन पर काबिज है।

