बाराबंकी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व एमएलसी राजेश यादव उर्फ राजू के नेतृत्व में सपाई एकत्र हुए और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में सपा की छात्र सभा, महिला सभा, यूथ ब्रिगेड और समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को केडी सिंह बाबू मार्ग पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और सपा नेताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ जैसे नारे लगाए। सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया। फॉर्म-6 में बदलाव पर भी उठाए सवाल पूर्व एमएलसी राजेश यादव ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जनता, विपक्षी दलों और सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाना चाहिए। उनके अनुसार, इन कार्यों से चुनाव आयोग पर लोगों का भरोसा कम हो रहा है। राजेश यादव उर्फ राजू ने फॉर्म-6 में किए गए बदलाव को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संसद की मंजूरी के बिना फॉर्म-6 में बदलाव करना गलत है। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर पूरा विपक्ष एकजुट है। सड़क से संसद तक मुद्दा उठाने का ऐलान सपा नेताओं ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ उठाए जा रहे मुद्दे को पार्टी सड़क से संसद तक उठाएगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।

