धार शहर के इंदौर नाका से जेतपुरा तक नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट पिछले पांच दिनों से पूरी तरह बंद है। रात में प्रमुख मार्ग पर अंधेरा होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी हो रही है। यह सड़क धार को इंदौर से जोड़ती है और दिन-रात यहां वाहनों की आवाजाही रहती है। 5 से 10 दिन चलने के बाद फिर बंद हो जाती हैं लाइट स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लाइट 5 से 10 दिन चलने के बाद दोबारा बंद हो जाती हैं। कुछ दिन पहले तक लाइट कभी चालू तो कभी बंद हो रही थी, लेकिन अब पूरी तरह बंद हो गई है। सुबह जल्दी निकलने वाले लोगों और पैदल राहगीरों को भी अंधेरे में रास्ता साफ दिखाई नहीं देता। रात के समय सड़क पर आवाजाही करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत, स्थायी समाधान की मांग स्थानीय निवासी राजेश वर्मा ने बताया कि स्ट्रीट लाइट को लेकर नगर पालिका में कई बार शिकायत और लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार मरम्मत कराने के बजाय नगर पालिका को स्ट्रीट लाइट की तकनीकी खामी दूर कर स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि प्रमुख मार्ग पर रात के समय लोगों को परेशानी न हो।

