लखनऊ में गर्दन पर हमले से गई युवक की जान:सड़क किनारे मिला था शव, परिजनों ने जताई थी हत्या की आशंका

लखनऊ में गर्दन पर हमले से गई युवक की जान:सड़क किनारे मिला था शव, परिजनों ने जताई थी हत्या की आशंका

लखनऊ के चिनहट कस्बे में सोमवार सुबह सड़क किनारे मिला शव न्यू नंदी विहार कॉलोनी निवासी संदीप सोनी (23) का था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गर्दन की स्पाइनल कॉर्ड में चोट और शॉक एंड हैमरेज बताई गई है। वहीं, पुलिस की जांच में नशे के ओवरडोज की बात सामने आई है। पत्नी से पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था न्यू नंदी विहार कॉलोनी निवासी संदीप सोनी (23) टीवीएस शोरूम की वर्कशॉप में मैकेनिक था। रविवार रात करीब आठ बजे वह पत्नी शोभा से दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने की बात कहकर पैदल घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर शोभा ने उसे फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इधर, सोमवार सुबह करीब छह बजे चिनहट पुलिस को सड़क पर एक अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के भाई तुषार के मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे तुषार ने शव की पहचान संदीप के रूप में की। पांच महीने पहले हुई थी शादी तुषार का आरोप है कि संदीप के दो दोस्तों ने उसे बर्थडे पार्टी में बुलाने के बहाने अपने पास बुलाया था। वहां दोनों ने उसकी हत्या कर दी और शव सड़क किनारे फेंक दिया। संदीप की शादी करीब पांच महीने पहले शोभा से हुई थी। तुषार का कहना है कि उसने चिनहट थाने में पुलिस से संदीप की कॉल डिटेल की जांच कराने और दोनों दोस्तों से पूछताछ करने की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजन शव लेकर मल्हौर स्टेशन रोड पहुंच गए। उन्होंने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे सड़क पर जाम लग गया। बाद में संदीप के दो दोस्तों प्रियांशु और आदि के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि संदीप नशे का लती था। आरोपी युवक भी नशे के आदी हैं। घटना वाले दिन भी तीनों ने खूब नशा किया है, ऐसे में नशे के ओवरडोज से मौत होने की संभावना है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से मामले की जांच चल रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *