मैड संधू के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे करीबी दोस्त:भाई बोला- मतलब के लिए साथ थे, मुश्किल में कोई नहीं आया

मैड संधू के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे करीबी दोस्त:भाई बोला- मतलब के लिए साथ थे, मुश्किल में कोई नहीं आया

अमृतसर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के बाद अब उसके परिवार का दर्द सामने आया है। मैड संधू के अंतिम संस्कार में उसके करीबी दोस्तों और साथ वीडियो बनाने वाले कई इन्फ्लुएंसर के नहीं पहुंचने पर उसके भाई ने नाराजगी जाहिर की है। मैड संधू के भाई ने रोते हुए कहा कि उन्होंने खुद उसके करीबी दोस्तों को फोन किया था और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कहा था। इसके बावजूद वे लोग घर तो क्या, अंतिम संस्कार में भी नहीं पहुंचे। भाई ने कहा कि कुछ लोगों ने फोन करके समय जरूर पूछा, लेकिन इसके बाद भी वहां नहीं आए। भाई बोला- मतलब के लिए साथ थे, मुश्किल में कोई नहीं आया भाई ने कहा कि मैड संधू के साथ हमेशा रहने वाले कई लोग सिर्फ खाने-पीने और अपने मतलब के लिए उसके साथ थे। जब मुश्किल समय आया तो उसके साथ खड़े होने वाला कोई नहीं था। उन्होंने कहा कि जो लोग उसके साथ लगातार वीडियो में नजर आते थे, उनमें से भी कोई अंतिम संस्कार में मौजूद नहीं था। मैड संधू फिल्म ‘ओए भोले ओए’ में भी काम कर चुके थे। इस फिल्म में अभिनेता जगजीत संधू मुख्य भूमिका में नजर आए थे। मैड संधू की हत्या के बाद जगजीत संधू की ओर से सोशल मीडिया पर अब तक कोई श्रद्धांजलि या अफसोस जाहिर किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। भाई बोला- मैड संधू बहुत अच्छा इंसान और परिवार का सहारा था मैड संधू के भाई ने भावुक होकर बताया कि वह बहुत अच्छा इंसान था और अपने परिवार का पूरा ध्यान रखता था। भाई ने कहा कि अगर वह मैड संधू से 5 हजार रुपए मांगता था तो वह उसे 10 हजार रुपए दे देता था। वह उसकी जरूरतों का हमेशा ख्याल रखता था। बता दें कि शनिवार शाम अमृतसर के लोहारका रोड पर मैड संधू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। कत्ल की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टरों ने क्या कहा… जौहल ने कहा- पंजाब का माहौल बिगाड़ रहे थे गैंगस्टर लक्की जौहल स्पेन ने कहा- हमने यह काम न तो पैसों के लिए करवाया है और न ही किसी निजी फायदे के लिए, बल्कि सिर्फ पंजाब के लिए करवाया है, क्योंकि ये लोग पंजाब का माहौल खराब कर रहे थे। ये लोग आने वाली नई पीढ़ी को किस तरह की सीख दे रहे थे, यह बात सभी जानते हैं। इसके बाद अगला नंबर अरुप्रीत का है। वह भी अपनी तैयारी रखे। गोल्डी ढिल्लों ने कहा- वह नई पीढ़ी को खराब कर रहा है। उसने टिकटॉक पर इस तरह का कंटेंट बनाने और उसे प्रमोट करने वालों को भी धमकी दी। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने पोस्ट में लिखा…. “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज रंजीत एवेन्यू में मैड संधू की जो हत्या हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन लेते हैं। ये लोग हमारी नई पीढ़ी को खराब कर रहे हैं। बाकी, जो भी इनके जैसे लोग सोशल मीडिया और टिकटॉक पर हथियारों का प्रदर्शन करते हैं, उन्हें भी चेतावनी है। जो लोग इन्हें प्रमोट कर रहे हैं, वे भी अपनी तैयारी रखें। जिन स्कूलों में इन्हें मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया जा रहा है, उन्हें भी आखिरी चेतावनी है। जो लोग गुंडागर्दी करना चाहते हैं, उन्हें पंजाब से बाहर कर दो। यह योद्धाओं की धरती है और इस धरती पर योद्धा ही रहेंगे। जिन्हें हमारे फोन की घंटी सुनाई नहीं दे रही और जो सुरक्षा लेकर बैठे हैं, वे भी तैयार रहें। इंतजार करो और देखो।” पिता पंजाब पुलिस से रिटायर्ड SI पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि मैड संधू कार वॉश कराने के लिए गए थे, तभी उस पर हमला हुआ। वह पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर के बेटे थे। उनका घर अमृतसर रूरल पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाली एक रिहायशी कॉलोनी में था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मामले में पुलिस को ठोस सुराग मिले हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है। बोल्ड रील्स को लेकर होता था ट्रोल मैड संधू की सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी पहचान थी, लेकिन उसका बोल्ड अंदाज कई लोगों को पसंद नहीं आया। उसे लगातार ट्रोल किया जाता था और उसके कंटेंट पर सवाल उठाए जाते थे। निहंगों की ओर से भी उसे कई बार चेतावनी दी गई थी। उनका कहना था कि इस तरह का कंटेंट पंजाब की संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नहीं है। विवादों और आलोचनाओं के बावजूद मैड संधू सोशल मीडिया पर सक्रिय रहा। उसकी रील्स और अलग अंदाज के चलते वह लगातार चर्चा में बना रहा। पंजाबी फिल्मों में काम करने से पहले ही वह सोशल मीडिया पर मशहूर हो चुका था। उसकी लोकप्रियता को देखते हुए उसे पंजाबी फिल्म ‘ओए भोले ओए’ में भूमिका मिली। मैड संधू की हत्या कैसे हुई, 3 पॉइंट में जानिए… चश्मदीद के मुताबिक, मैड संधू पहले अपनी कार कार वॉश के लिए खड़ी कर गया था। बाद में दो लड़कियां उसे कार वापस ले जाने के लिए छोड़ने आईं। इसी दौरान बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा मैड संधू के पास गया और बिल्कुल करीब से गोलियां चला दीं। चश्मदीद के अनुसार, करीब 4-5 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से दो गोलियां मैड संधू को लगीं। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चश्मदीद ने यह भी बताया कि पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मैड संधू सड़क पर खून से लथपथ पड़ा दिखाई दे रहा है। उसके साथी उसे उठाते नजर आते हैं। सड़क पर गोलियों के खोल भी पड़े दिख रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *